स्कूल के घटिया निर्माण का वीडियो हुआ वायरल, एसडीएम ने जांच की कही बात
1 min read
Share this
बीजापुर। जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के चिंगनेर पंचायत में बन रहे से एक निर्माणाधीन स्कूल भवन को लेकर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। इस स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, वायरल वीडियो में कथित तौर पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं, जिसमें भवन का कालम जमीन के नीचे डाला ही नही गया है। इसमें दिखाया जा रहा है कि भवन में इस्तेमाल किया गया मटेरियल इतना कमजोर है कि उसे डंडे से आसानी से उखाड़ा जा सकता है। इस घटना ने निर्माण कार्य में संभावित भ्रष्टाचार और लापरवाही की आशंका है। इस मामले में भैरमगढ़ एसडीएम प्रकाश सार्वे ने कहा कि इस वीडियो की जांच करवा लेता हूं, यह प्राथमिक शाला भवन है, या कोई दूसरा भवन है। उसके बाद ही आगे कुछ कहा जा सकेगा।
गौरतलब है कि बस्तर क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कम होने के बाद सरकार और प्रशासन शिक्षा के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों में स्कूलों का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें। लेकिन इस तरह के आरोप इन प्रयासों पर सवाल खड़े करते हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लग रहे हैं कि निर्माण कार्य में ठेकेदार और संबंधित इंजीनियर मिलकर घटिया सामग्री का उपयोग कर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं।
