अस्पताल के बेड पर शराब का सेवन मना करने डाॅक्टर पर देशी कट्टे से फायर

1 min read
Share this

जबलपुर। मध्य प्रदेश के सतना जिले के उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब इलाज के लिए भर्ती एक युवक अस्पताल के बेड पर ही शराब पीता पाया गया। जब ड्यूटी डॉक्टर ने उसे ऐसा करने से रोका तो उसने डॉक्टर पर देशी कट्टे से फायर कर दिया। गनीमत रही कि डॉक्टर इस हमले में सुरक्षित बच निकले, लेकिन घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।जानकारी के मुताबिक, उचेहरा थाना क्षेत्र के रामपुरवा कोठी गांव का रहने वाला 23 वर्षीय शिवम द्विवेदी पिछले दो दिनों से अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती था। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान उसका व्यवहार लगातार अनुशासनहीन रहा और वह कई बार अस्पताल से बाहर भी जाता रहा।शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे वार्ड स्टाफ ने उसे अस्पताल के बेड पर बैठकर शराब पीते हुए देखा। सूचना मिलने पर ड्यूटी पर तैनात डॉ. दीपक पांडेय मौके पर पहुंचे और युवक को अस्पताल परिसर में शराब सेवन से मना किया। इस बात पर आरोपी भड़क उठा और डॉक्टर समेत स्टाफ के साथ अभद्रता करने लगा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर बाद जब डॉक्टर वहां से हटने लगे, तभी आरोपी अस्पताल के बाहर पहुंचा, बाइक स्टार्ट की और अचानक देशी कट्टे से डॉक्टर को निशाना बनाकर फायर कर दिया। हालांकि गोली डॉक्टर को नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए।