बिलासपुर स्टेशन पर विश्व विरासत दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन

1 min read
Share this

*सांस्कृतिक एवं ऐतहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का दिया गया संदेश ।*

बिलासपुर। विश्व विरासत दिवस (World Heritage Day) के अवसर पर आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन के गेट क्रमांक 01 स्थित डोम एरिया में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।

प्रत्येक वर्ष 18 अप्रैल को मनाए जाने वाले इस दिवस का उद्देश्य विश्व एवं भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना है। इस वर्ष 2026 के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्मारक एवं स्थल परिषद (ICOMOS) द्वारा “संघर्षों और आपदाओं के संदर्भ में जीवित विरासत के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया” विषय निर्धारित किया गया है, जिसके अनुरूप कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

कार्यक्रम के दौरान स्काउट-गाइड एवं स्कूली बच्चों द्वारा विश्व विरासत दिवस पर आधारित नुक्कड़ नाटक की जीवंत एवं प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित यात्रियों एवं आगंतुकों को अपनी सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति प्रेरित किया।

इसके अतिरिक्त सेल्फी पाइंट के माध्यम से उपस्थित आगंतुकों एवं यात्रियों ने सेल्फी लेकर भारत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक समृद्ध विरासत को संरक्षित करने के प्रति संकल्पित होकर जागरूकता का संदेश दिये। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री के श्रीनिवास, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता श्री दीपक ठाकुर सहित अधिकारीगण, कर्मचारीगण व अधिकाधिक संख्या में यात्रीगण उपस्थित थे।

अपने संबोधन में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री के श्रीनिवास ने कहा कि धरोहरें हमारे इतिहास, संस्कृति और पहचान का अभिन्न अंग हैं, जिनका संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने यह भी कहा कि इन धरोहरों को सुरक्षित रखकर ही हम आने वाली पीढ़ियों को अपनी समृद्ध विरासत से परिचित करा सकते हैं और उनमें गौरव की भावना विकसित कर सकते हैं।

इस आयोजन के माध्यम से उपस्थित यात्रियों एवं नागरिकों को सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने एवं सक्रिय योगदान देने का सकारात्मक संदेश प्रदान किया गया।