मंदिर में मची भगदड़ से 8 लोगों की मौत अनेक घायल
1 min read
Share this
नालंदा(बिहार)। चैत्र माह के आखरी दिन सूबे के नालंदा जिले में स्थित शीतला मंदिर में मंगलवार की सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिसके चलते वहां अव्यवस्था की स्थिति निर्मित होने से भीड़ बेकाबू हो गई जिससे वहां मची भगदड़ में आठ लोगों की मौत हो गई और बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भेज जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार को शीतला माता मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आसपास से बड़ी तादाद में श्रद्धालु पहुंचे थे। मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था के लिये तैनात पुलिस का बंदोबस्त पर्याप्त नहीं होने के कारण कुछ श्रद्धालु दर्शन की जल्दबाजी में कतार तोड़कर एक के ऊपर एक चढ़ने लगे। जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नतीजा यह हुआ कि शीतला मंदिर में भगदड़ मच गई और लोक एक के ऊपर एक गिरते, चढ़ते चले गए. भगदड़ की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची और हालात को काबू कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. पुलिस ने दर्जन भर से अधिक लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जिनमें से आठ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है।
करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों का उपचार चल रहा है। कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है.। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंदिर और मेला को बंद करा दिया है। मृतकों में से अब तक दो की पहचान हुई है। सकुन्त बिहार निवासी दिनेश रजक की पत्नी रीता देवी (50) और नूरसराय के मथुरापुर निवासी कमलेश प्रसाद की पत्नी रेखा देवी (45)। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
