May 4, 2026

बीजापुर के अंकित सकनी ने यूपीएससी में पाई सफलता, मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने दी बधाई

1 min read
Share this

*बीजापुर के अंकित सकनी ने यूपीएससी में पाई सफलता, मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने दी बधाई*

रायपुर, 09 मार्च 2026/ बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के छोटे से ग्राम गुदमा के युवा अंकित सकनी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 816वीं रैंक प्राप्त कर बस्तर संभाग सहित पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
इस पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अंकित सकनी एवं उनके माता-पिता से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अंकित ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजापुर जैसे दूरस्थ और आदिवासी अंचल के छोटे से गांव गुदमा से निकलकर यूपीएससी जैसी देश की सबसे कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अत्यंत प्रेरणादायी है। यह उपलब्धि न केवल अंकित के परिवार बल्कि पूरे बस्तर संभाग और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अंकित के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और वे भी अपने लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।