एस्केलेटर से गिरकर घायल महिला यात्री को तुरंत मिली चिकित्सा सहायता
1 min read
Share this
*बिलासपुर स्टेशन पर त्वरित मानवीय पहल ने फिर दिखाई तत्परता*
बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर रेल प्रशासन की सजगता और त्वरित कार्रवाई के चलते एस्केलेटर से गिरकर घायल हुई एक महिला यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक महिला यात्री अपने परिवार के साथ बिलासपुर से विजयनगरम जाने के लिए लिंक एक्सप्रेस पकड़ने हेतु स्टेशन पहुँची थीं। इसी दौरान एस्केलेटर का उपयोग करते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वे अनियंत्रित होकर गिर गईं, जिससे उनके सिर पर चोट लग गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन पर तैनात कमर्शियल विभाग की स्पेशल टीम और कमर्शियल स्टाफ तत्काल मौके पर पहुँचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों ने बिना विलंब किए मेडिकल टीम को सूचित किया और मौके पर ही घायल यात्री को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
रेल प्रशासन की त्वरित और संवेदनशील पहल के कारण महिला यात्री को समय पर आवश्यक डॉक्टरी सहायता मिली । घायल यात्री के परिजनों ने संकट की घड़ी में मिली इस त्वरित मदद के लिए रेल प्रशासन के मानवीय दृष्टिकोण और तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील की है कि एस्केलेटर का उपयोग करते समय सावधानी बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत रेलवे कर्मियों से संपर्क करें। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
