April 28, 2026

टी-20 में भारत की बादशाहत कायम,न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया

1 min read
Share this

*भारत टी-20 विश्व कप जीतने वाला पहला मेजबान देश तीसरी बार बना चैंपियन *

अहमदाबाद। विश्व कप-20 में भारत का रेकॉर्ड तोड़ प्रर्दशन फायनल में भी जारी रहा और 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को  96 रनों से पराजित कर चैंपियनशिप में अपनी बादशाहत को कायम रखा। भारत ने टी-20 विश्व कप का खिताब तीसरी बार जीता है।2007 में महेंद्र सिंह धोनी 2024 में रोहित शर्मा और 2026 में सूर्य कुमार यादव की कप्तानी में यह खिताब जीता।इसके साथ ही भारत टी-20 विश्व कप जीतने वाला पहला मेजबान देश बन गया।भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाये।खिताबी लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 158 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड की ओर से साइफर्ट(52) सेंटेनर(43) और मिचेल (17)  ही दहाई अंक तक पहुंच सके। जसप्रीत बुमराह ने 15 रन देकर 4 विकेट और  अक्षर पटेल ने 27 रन देकर 3 विकेट लिये।

टाॅस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले भारत को बल्लेबाजी करने आमंत्रित करना भारी पड़ गया। भारत के शीर्ष तीन बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की बखिया उखाड़ते हुए अपने अर्द्ध शतक पूरे किये।इस फायनल मैच में टीम इंडिया ने रिकॉर्ड्स की बारिश कर दी है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 255 रन बनाए। भारत एक समय 300 रन बनाती हुई दिख रही थी, लेकिन 16वें ओवर में नीशम ने तीन झटके दिए और इससे रन गति धीमी पड़ गई। भारत का स्कोर 15वें ओवर के बाद एक विकेट पर 203 रन था। इसके बाद 16वें ओवर में टीम इंडिया ने संजू सैमसन, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव के विकेट गंवाए। इस ओवर में एक रन बना। फिर 17वें ओवर में सात रन और 18वें ओवर में नौ रन बने। 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या आउट हुए और 11 रन बने। हालांकि, आखिरी ओवर में शिवम दुबे का बल्ला चला और इसकी वजह से टीम 250 के पार पहुंच सकी। दुबे आठ गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 26 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने आखिरी यानी 20वें ओवर में 24 रन बटोरे।

भारत को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। अभिषेक ने फॉर्म में वापसी की और फाइनल में उनका बल्ला चला। उन्होंने 21 गेंद में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। संजू के साथ अभिषेक ने 43 गेंद में 98 रन की ओपनिंग साझेदारी की। अभिषेक को रचिन रवींद्र ने आउट किया। फिर संजू ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 105 रन की साझेदारी निभाई। सैमसन ने लगातार तीसरा अर्धशतक लगाया। वहीं, ईशान किशन ने भी फिफ्टी पूरी की। हालांकि, 16वें ओवर में दोनों आउट हो गए। सैमसन फिर शतक से चूक गए। वह 46 गेंद में पांच चौके और आठ छक्के की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ईशान ने 25 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली।
हार्दिक 13 गेंद में 18 रन बना सके, जबकि सूर्यकुमार खाता नहीं खोल पाए। तिलक छह गेंद में आठ रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से नीशम ने तीन विकेट झटके, जबकि मैट हेनरी और रचिन को एक-एक विकेट मिला। भारत का 255/5 का स्कोर टी20 विश्वकप फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर है। भारत ने खुद का दो साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। 2024 टी20 विश्वकप के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सात विकेट पर 176 रन बनाए थे।

256 के विजयी लक्ष्य को मैदान में उतरी न्यूजीलैंड की शुरू से ही दबाव में रही। उसके शुरू के पांच बल्लेबाज टीम के कुल जमा 72 रनों के स्कोर पर वापस पैवेलियन लौट चुके थे। इन 72 रनों में टिम साइफर्ट का 23 गेंद में  जड़ा अर्धशतक भी शामिल था। साइफर्ट ने 26 गेंद पर 52 रन बनाये। सेंटनर ने 35 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली।