अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंदोक के विवाह समारोह में शामिल हुए दिग्गज

1 min read
Share this

मुंबई। भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंदोक शादी के बंधन में बंध चुके हैं। दोनों ने गुरुवार पांच मार्च को सात फेरे लिए। शादी के समारोह में खेल जगत और बॉलीवुड के कई सितारे मौजूद रहे। शादी के बाद अर्जुन और सानिया मीडिया के सामने आए और तस्वीरें भी खिंचवाईं। वहीं, इसके बाद पूरा तेंदुलकर परिवार भी मीडिया के सामने आया। सचिन और उनकी पत्नी अंजलि भी बेटे की शादी पर खुश नजर आईं। इसका वीडियो भी सामने आया है। वहीं, सारा तेंदुलकर भी गुलाबी साड़ी में खूब जंचीं।

अर्जुन और सानिया की सगाई अगस्त 2025 में हुई थी। सानिया चांदोक एक सफल उद्यमी हैं और मुंबई के प्रसिद्ध उद्योगपति रवि घई की पोती हैं। बताया जाता है कि वह लंबे समय से तेंदुलकर परिवार के करीबी दायरे का हिस्सा रही हैं।

क्रिकेट करियर में अलग पहचान बना रहे अर्जुन
अर्जुन तेंदुलकर ने घरेलू क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। मुंबई से करियर की शुरुआत करने के बाद वह गोवा के लिए एक अहम गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में उभरे। लंबे कद के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज और निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज के रूप में उन्होंने 2022 में रणजी ट्रॉफी डेब्यू पर शतक लगाकर सबको चौंका दिया था। इस तरह उन्होंने अपने पिता की तरह अपने पहले प्रथम श्रेणी मैच में शतक जड़ने का कारनामा दोहराया। आईपीएल में वह पहले मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे, लेकिन हाल ही में उन्हें लखनऊ सुपर जाएंट्स ने ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल किया है।

*ये मेहमान पहुंचे अर्जुन के विवाह समारोह में*

*आईसीसी अध्यक्ष जय शाह भी शादी में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने पीछे घूमकर फैंस का अभिवादन भी स्वीकार किया।

*भारत के पूर्व ऑलराउंडर सुरेश रैना पत्नी प्रियंका के साथ शादी के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। रैना फिलहाल टी20 विश्वकप की कमेंट्री टीम का भी हिस्सा हैं।

*महेंद्र संह धोनी भी साक्षी के साथ शादी के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। दोनों साथ में बेहद क्यूट लग रहे थे। धोनी अब आईपीएल 2026 में सीएसके के लिए खेलते दिखेंगे।

*इरफान पठान भी पत्नी सफा बेग के साथ शादी के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। वहीं, पृथ्वी शॉ गर्लफ्रैंड आकृति अग्रवाल के साथ कार्यक्रम में दिखे।

*टी20 विश्वकप में नहीं खेल रहे श्रेयस अय्यर को भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके साथ क्रिकेटर अमान खान भी दिखे। अमान इस सीजन सीएसके की टीम का हिस्सा होंगे।

*युवराज सिंह भी पत्नी हेजल कीच के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। दोनों साथ में बेहद क्यूट दिख रहे थे।

*2024 टी20 विश्वकप में भारत की खिताबी जीत में टीम के कोच रहे राहुल द्रविड़ भी पत्नी विजेता के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। विजेता साड़ी में दिखीं, जबकि द्रविड़ शेरवानी में दिखे।