May 7, 2026

एडीलेड में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास

1 min read
Share this

*ऑस्ट्रेलिया में पहली बार जीती टी-20 सीरीज *

एडीलेड। हरमनप्रीत की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया को टी 20 सीरिज के निर्णायक मुकाबले में 17 रनों से मात देते हुए न केवल 3-1 से सीरीज अपने नाम  कर ली बल्कि कंगारूओं की जमीन उनकी झोली से जीत निकाल ऑस्ट्रेलियाई में टी-20 सीरीज जीतने का इतिहास गढ़ दिया। स्मृति मंधाना(82) जेमिमा रोड्रिग्स (56) रन श्रेयंका पाटिल(22-3) चरणी(32-3) और अरुंधति रेड्डी (2) विकेट भारत की इस ऐतिहासिक जीत की प्रमुख शिल्पकार रही। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रन बनाए  जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 9 विकेट के नुकसान पर 159 रन ही बना सकी। भारत ने ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर पहली बार कोई टी20 सीरीज जीती है।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना का बल्ला जमकर चला । भारत ने 19 रनों के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया था लेकिन मंधाना पर इसका कोई असर नहीं हुआ। उन्होंने एक छोर को संभाले रखा और 55 गेंदों पर 82 रनों की पारी खेली। उनकी इस पारी में 8 चौके व 3 छक्के शामिल रहे। मंधाना के अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने शानदार खेल दिखाते हुए अर्धशतक लगाया। उन्होंने 56 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 56 रनों की पारी खेली।

इन दोनों के अर्धशतक के दम पर भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए अनाबेल सदरलैंड सबसे कामयाब गेंदबाज रहीं। उन्होंने 4 ओवर में 34 रन खर्च करते हुए 2 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा किम गार्थ और सोफी मोलिनक्स ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।

भारत के द्वारा दिए गए 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरूआत अच्छी नहीं रही। 32 रनों पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद 63 रनों पर 4 और 98 रनों पर मेजबान ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। हालांकि, एक छोर पर एश्ले गार्डनर डटी रही और उन्होंने 45 गेंदों पर 57 रनों की पारी खेली। उनकी पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया की टीम 159 रन बना सकी और उन्हें 17 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

भारत के लिए गेंदबाजी में श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने कमाल की बॉलिंग की। श्रेयंका ने 4 ओवर में 22 रन खर्च करते हुए 3 विकेट हासिल किए, जबकि चरणी ने अपने स्पेल के दौरान 32 रन खर्चे और उन्हें भी 3 सफलता मिली। अरूंधति रेड्डी को 2, जबकि रेणुका ठाकुर को एक विकेट मिला।