May 7, 2026

कलेक्टर ने परीक्षा केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण

1 min read
Share this

*मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*

*सड़कों पर रखे सामानों को दुकान के अंदर रखने के दिये निर्देश*

रायपुर। जिलाधीश डॉ गौरव सिंह,निगम आयुक्त श्री विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री हिमांशु भारती की टीम ने शनिवार को दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

 इस दौरान उन्होंने दानी स्कूल परीक्षा केंद्र तथा शहीद संजय यादव शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, संजय नगर स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों में आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी करते हुए परीक्षाओं के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर नगर निगम रायपुर के आयुक्त श्री विश्वदीप, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री हिमांशु भारती सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के पश्चात कलेक्टर सहित जिला प्रशासन की टीम ने टिकरावाला एवं संतोषी नगर क्षेत्र में निरीक्षण सड़कों का भी निरीक्षण किया और दुकानदारों को अपने सामान अंदर सीमा में रखना के निर्देश दिए।