महाशिवरात्रि पर निकलेगी भव्य महाकाल पगड़ी यात्रा

1 min read
Share this

*महाकाल मय होगा राजनांदगांव*

राजनांदगांव। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 फरवरी को प्रतिवर्षानुसार राजनांदगांव शहर में भव्य महाकाल पगड़ी यात्रा का आयोजन किया गया है। यात्रा को लेकर महाकाल भक्तों का उत्साह चरम पर है। यात्रा में भगवान महाकाल राजस्वरूप चंद्रमौलेश्वर रूप में अपने भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकलेंगे।
*झांकी, ढोल नगाड़ों और भगवा ध्वजों के साथ निकलेगी यात्रा
महाकाल पगड़ी यात्रा में शिवभक्त भगवा रूप में, भजनों, ढोल-नगाड़ों और केसरिया झंडों के साथ, भव्य झांकी के साथ नगर भ्रमण करेंगे। “हर-हर महादेव” और जय श्री महाकाल, “बोल बम” के जयघोष से वातावरण महाकाल का भक्तिमय रहेगा।
*स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति होगी इस वर्ष की खास पहचान
महाकाल पगड़ी यात्रा समिति के अनुसार इस वर्ष महाकाल पगड़ी यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता यह रहेगी कि सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम पूरी तरह स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।
*ये रहेंगे प्रमुख शोभा यात्रा के आकर्षण
महाकाल पगड़ी यात्रा के दौरान अघोरी नृत्य, जो स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा, झांझ और मंजीरों की टोली द्वारा संगीतमय प्रस्तुति, स्थानीय भजन कलाकारों द्वारा भक्तिमय भजन गायन, पंथी नृत्य, जो छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाएगा, बैंड-बाजा, जो यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान करेगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से शिव भक्ति के साथ-साथ लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। पूरी यात्रा के दौरान डी जे नहीं लगाया जाएगा।
*महाकाल पगड़ी यात्रा का निर्धारित मार्ग
महाकाल सेना के अनुसार पगड़ी शोभायात्रा का शुभारंभ नंदई चौक से होगा, जो सदर बाजार → भारत माता चौक → महेश पथ → गंज चौक → भरका पारा→ काली माई मंदिर (शिव-शक्ति का मिलन) के बाद अग्रसेन चौक → सुरजन गली → कामठी लाइन स्थित सत्यनारायण मंदिर (हरि-हर का मिलन) से होते हुए भारत माता चौक → महाकाल चौक → ब्राह्मण पारा → दुर्गा चौक → नंदई से सिंगदई → हल्दी मार्ग से गुजरते हुए महाकाल मंदिर सिंघौला में विश्राम करेगी।
*धार्मिक एकता का प्रतीक बनेगा शिव-शक्ति और हरि-हर मिलन
यात्रा के दौरान काली माई मंदिर में शिव-शक्ति मिलन तथा सत्यनारायण मंदिर में हरि-हर मिलन विशेष आकर्षण रहेगा, जो सनातन संस्कृति की एकता और समरसता का संदेश देगा।
*अनुशासन और शांतिपूर्ण आयोजन की अपील
आयोजक समिति के संयोजक नीलू शर्मा एवं पवन डागा ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें, यातायात नियमों का पालन करें और आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से भक्ति और श्रद्धा के साथ सफल बनाएं। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी।