सड़क पर दौड़ते हुए देखा गया बाघ, साथ में दिखी लोमड़ी
1 min read
Share this
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही वन क्षेत्र में बीती रात एक बाघ को सड़क पर दौड़ते हुए देखा गया। किसी राहगीर द्वारा बनाए गए वीडियो में बाघ के साथ एक लोमड़ी भी नजर आ रही है। वीडियो में अंधेरे में लोमड़ी की आंखें चमकती दिखती हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार कमजोर या भोजन की तलाश में भटकी लोमडिय़ां अक्सर बाघ का पीछा करती हैं, क्योंकि बाघ के शिकार के बाद बचे अवशेषों से उन्हें भोजन मिल जाता है। यह घटनाएं इस बात का संकेत मानी जा रही हैं कि यह इलाका बड़े वन्यजीवों के लिए एक महत्वपूर्ण आवागमन क्षेत्र बनता जा रहा है। कुछ दिन पहले दुर्लभ हनी बैजर (रेटल) की मौजूदगी दर्ज की गई थी और अब शुक्रवार रात सड़क पर बाघ के दिखाई देने से वन विभाग और स्थानीय लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय अनावश्यक जंगल या सूनसान सड़कों पर न जाने की सलाह दी जा रही है।
वीडियो में यह भी देखा गया कि सड़क के दोनों ओर लगी कांटेदार तार की बाड़ के कारण बाघ सड़क पार नहीं कर पा रहा था। सामने से आती गाड़ी की लाइट देखकर वह जल्दी सुरक्षित रास्ता तलाशने की कोशिश करता नजर आया। जानकारों का मानना है कि बाघ को कांटेदार तार से घायल होने का अंदेशा था, इसलिए वह सतर्क था। वन अधिकारियों के मुताबिक, मरवाही वनमंडल का क्षेत्र अचानकमार टाइगर रिजर्व, कान्हा टाइगर रिजर्व और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से वन गलियारों के जरिए जुड़ा हुआ है। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि यह बाघ इन संरक्षित क्षेत्रों से भटककर मरवाही इलाके में पहुंचा है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी इसी वनमंडल में बाघ की मौजूदगी दर्ज की गई थी।
