“प्रोजेक्ट तेजस” के तहत नव-नियुक्त आरक्षकों को मिल रहा आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण
1 min read
Share this
*डिजिटल युग की चुनौतियों के लिए तकनीकी रूप से दक्ष बनाए जा रहे पुलिस जवान*
*आईटीआई रायपुर में 2 फरवरी तक चल रहा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम*
रायपुर। कौशल विकास एवं तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देने की दिशा में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था सड्डू, रायपुर में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट तेजस, एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत शासकीय रायपुर में नव-नियुक्त आरक्षकों को कंप्यूटर संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि तत्कालीन रायपुर पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उम्मेद सिंह के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौती, डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन, ऑनलाइन संचार एवं आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग को ध्यान में रखते हुए नव-नियुक्त आरक्षकों को प्रारंभ से ही तकनीकी रूप से दक्ष बनाने की पहल की गई थी। इसी उद्देश्य से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था रायपुर में 23 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है, जिसमें आरक्षकों को व्यावहारिक, उपयोगी एवं कार्योन्मुखी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन आधुनिक तकनीकों की सहायता से प्रभावी रूप से कर सकें।
संस्था के प्राचार्य श्री नरेंद्र उपाध्याय ने जानकारी दी कि प्रोजेक्ट तेजस के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्था के अनुभवी प्रशिक्षक श्री राघवेन्द्र सिन्हा द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान कंप्यूटर की मूल जानकारी, एमएस ऑफिस, डेटा एंट्री, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, डिजिटल सुरक्षा तथा आधुनिक तकनीकी उपकरणों के प्रभावी उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट तेजस के तहत पुलिस विभाग के साथ-साथ CRPF, CISF एवं BSF के जवानों को भी तकनीकी एवं कंप्यूटर आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उनकी कार्यक्षमता, दक्षता एवं कार्य निष्पादन में उल्लेखनीय सुधार हो सके।
प्रोजेक्ट तेजस के तहत आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस बल को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा, जो भविष्य में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगा।
