November 27, 2026

बस्तर में 21 दिसंबर को सवा लाख बच्चों को मिलेगी पल्स पोलियो की जीवन रक्षक खुराक

1 min read
Share this

जगदलपुर। बस्तर जिले में पोलियो के खिलाफ जंग को और मजबूत बनाने के लिए राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की तैयारियां जोरों पर हैं। रविवार 21 दिसंबर को होने वाले इस मेगा अभियान में 0 से 5 वर्ष के एक लाख 24 हजार 377 बच्चों को पोलियो की जीवन रक्षक दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि कोई भी बच्चा वंचित न रहे, और शत-प्रतिशत कवरेज हासिल हो।
बस्तर जिले के कलेक्टर हरिस एस. की अध्यक्षता में आयोजित डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की बैठक में जिला स्तर के सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा विभिन्न विभागों के मैदानी अमले के साथ समन्वय स्थापित कर प्रचार-प्रसार किया जाए। हर गांव, हर पारे-टोले तक संदेश पहुंचे, ताकि उपलब्धि 100 प्रतिशत हो। बैठक में अंतरविभागीय समन्वय पर जोर दिया गया, जिसमें स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा और स्थानीय प्रशासन की भूमिका अहम बताई गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय कार्यशाला और प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान टीकाकरण कर्मियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। जिले में कुल 498 बूथ स्थापित किए जाएंगे, जिनमें जगदलपुर शहरी क्षेत्र में 72 बूथ शामिल हैं। इसके अलावा, 100 सुपरवाइजर, 1992 टीकाकरण कार्यकर्ताओं, 20 मोबाइल टीम और 24 ट्रांजिट टीम तैनात रहेंगी। विशेष रूप से उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है।
मोबाइल टीमें बाजारों, मेला-मड़ई, ईंट भट्टों, भवन निर्माण स्थलों, घुमंतु बसाहटों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर आने-जाने वाले बच्चों को दवा पिलाएंगी। सीएमएचओ डॉ. बसाक ने बताया कि यह अभियान न केवल पोलियो को जड़ से समाप्त करेगा, बल्कि हर्ड इम्युनिटी को मजबूत बनाकर वातावरण में मौजूद वाइल्ड पोलियो वायरस को निष्क्रिय कर देगा।

This will close in 0 seconds