एस्ट्रोटर्फ, एथलेटिक ट्रैक और टेनिस कोर्ट की मंजूरी, ये शहर के खेल भविष्य का स्वर्ण अध्याय – योगेश बागड़ी
1 min readShare this
राजनांदगांव। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव योगेश बागड़ी ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ की बहुप्रतीक्षित मांग पूर्ण होने पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय शहर की हॉकी नर्सरी के लिए एक बड़ी सौगात है। लंबे समय से हॉकी खिलाड़ियों को जिस आधुनिक मैदान की प्रतीक्षा थी, वह आज पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि ये स्वीकृतियां शहर के खेल भविष्य का स्वर्ण अध्याय है।
बागड़ी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष डा रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव,विजय शर्मा , प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव सांसद संतोष पांडे, महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह के संयुक्त प्रयासों से एस्ट्रोटर्फ के नवीनीकरण को स्वीकृति मिली है। उनके अनुसार एस्ट्रोटर्फ के कायाकल्प के साथ ही एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के अनुकूल माहौल तैयार होगा और आने वाली पीढ़ी अपनी प्रतिभा को निखारकर हॉकी की नर्सरी का नाम रोशन करेगी।
उन्होंने जानकारी दी कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ के लिए 5 करोड़ 92 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके अलावा शहर को दो और महत्वपूर्ण सौगात मिली हैं—टेनिस कोर्ट निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और खेलो इंडिया प्रोजेक्ट के तहत सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के लिए 9 करोड़ 50 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इन स्वीकृतियों से संस्कारधानी अब तेजी से ‘खेलधानी’ के रूप में विकसित होगी। एथलेटिक्स के क्षेत्र में भी स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े अवसर मिलने की उम्मीद है।
दिग्विजय स्टेडियम को भी अपने ख्याति अनुरूप बनाने एवं वहां राष्ट्रीय स्तर की खेल स्पर्धाएं हो सके इसके लिए भी उक्त जनप्रतिनिधियों की असरकारी पहल का सुखद परिणाम अवश्यंभावी है।
शहर के खेल प्रेमियों को विश्वास था कि हमारे लोकप्रिय विधायक डॉ रमन सिंह जी के नेतृत्व में यह तो होना ही था ।
आज राजनांदगांव का नाम खेलों में पूरे प्रदेश में अग्रणी स्थान रखता है।
बागड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा राजनांदगांव को विश्वस्तरीय मापदंडों के अनुरूप तैयार करने की दिशा में वास्तविक कार्य प्रारंभ हो चुका है। खेल क्षेत्र में जो सुविधाएँ मिली हैं, वे भविष्य में शहर को नई पहचान दिलाने वाली हैं। उनके अनुसार खेल प्रशिक्षणों को उन्नत मैदान, तकनीकी मदद और सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। ओलंपिक में शामिल खेलों की ओर बढ़ता रुझान और सरकार के तेज प्रयास खेलों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार कर रहे हैं।उन्होंने इस स्वीकृति के लिए केंद्रीय खेल मंत्री डा मनसुख मंडाविया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति भी आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने संस्कारधानी के खेल संघों और खेलप्रेमियों को शुभकामनाएँ भी दी हैं।

