बारिश के बाद पर्यटकों के लिए खुल गई कोटमसर गुफा
1 min read
Share this
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में स्थित कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में कोटमसर गुफा बारिश के बाद पर्यटकों के लिए खुल गई है, पर्यटक अब गुफा की सैर करने जा सकते हैं। बारिश के दिनों में गुफा के अंदर पानी भर जाता है, जिसकी वजह से गुफा 4 महीने बंद रहता है।
प्रबंधन के द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार कांगेर घाटी में पिछले 6 महीनों में 37 हजार 782 पर्यटक पहुंचे हैं। जिनमें विदेशी सैलानी अमेरिका, रूस, फ्रांस और यूक्रेन जैसे देशों से लगभग 120 पर्यटक शामिल हैं। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में तीरथगढ़ जल प्रपात, कांगेर जलधारा जैसे खूबसूरत वाटरफॉल हैं। वहीं कोटमसर, कैलाश गुफा जैसी दर्जनों गुफाएं भी हैं। इसके अलावा माउस डियर, लेथिस सॉफ्टशेल टर्टल, जंगली भेडिय़ा जैसे अनेक विलुप्त प्रजाति के वन्य प्राणी पाए जाते हैं। वनस्पतियों की 900 और तितलियों की 140 से ज्यादा प्रजातियां पाई जाती हैं। यूनेस्को ने छत्तीसगढ़ में बस्तर के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान को विश्व धरोहर की अस्थाई सूची में शामिल किया है। यह छत्तीसगढ़ राज्य का पहला स्थल है, जिसे चयनित किया गया है। प्राकृतिक विरासत कैटेगरी में कांगेर घाटी ने अपनी जगह बनाई है। बताया जा रहा है कि अब अगले साल नॉमिनेशन लिस्ट में जगह बनाने की कोशिश होगी। नॉमिनेशन लिस्ट में आने पर कांगेर घाटी का स्थायी सूची में स्थान बन जाएगा ।
