कुएं में गिरा चार हाथी, वन कर्मियों ने जेसीबी से रास्ता बनाकर निकाला सुरक्षित
1 min read
Share this
बलौदाबाजार। बारनवापारा वन्यजीव अभ्यारण्य से सटे हरदी गांव में आज सुबह अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ग्रामीणों ने खेतों के पास बने एक पुराने कुएं में चार हाथियों को फंसा देखा। इनमें एक मादा, दो नर और एक शावक शामिल हैं। सुबह-सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने हाथियों की चिंघाड़ सुनी और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। वन कर्मियों ने जेसीबी से रास्ता बनाया और कुछ घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला।
यह घटना उस समय सामने आई, जब हाथियों का दल देर रात जंगल से भटककर गांव की ओर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि खेतों के किनारे पुराना कुआं खुला पड़ा था, जिसमें बारिश का पानी भरा हुआ था। इसी दौरान झुंड में चल रहे चार हाथी उसमें गिर गए।
हरदी गांव का एक किसान सुबह लगभग 5 बजे खेत में पानी का मोटर चालू करने पहुंचा तो दूर से हाथियों के चिंघाडने जैसी आवाज सुनाई दी। पहले तो उसे लगा जंगल से आवाज आ रही है, लेकिन पास जाकर देखा तो चार हाथी कुएं में फंसे थे। एक शावक ऊपर आने की कोशिश में था, पर बार-बार फिसल जा रहा था। जिसके तुरंत बाद किसान ने गांव के दूसरे लोगों को बुलाया और वन विभाग को सूचना दी। आसपास के गांवों चरौदा, रेंकाभाठा और मुड़पार से भी लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी अपनी टीम के साथ हरदी पहुंचे। टीम ने पहले इलाके की घेराबंदी की ताकि अन्य हाथियों को पास न आने दिया जाए, क्योंकि पास के जंगल में अभी भी हाथियों का झुंड मौजूद बताया जा रहा है।
