दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में आधुनिक दूरसंचार सुविधा का शुभारंभ
1 min read
Share this
*जीएम इंटरकॉम एक्सचेंज से कार्य प्रणाली हुई प्रभावी*
बिलासपुर/रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दूरसंचार सेवाओं को और अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने नया जीएम इंटरकॉम एक्सचेंज का उदघाटन किया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री विजय कुमार साहू, प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री जी.पी. खूंटे, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर श्री राजमल खोईवाल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी और विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
यह नया इंटरकॉम एक्सचेंज एस्टरिस्क आधारित आईपी टेलीकॉम प्रणाली पर काम करता है और वॉइस ओवर आईपी (VoIP) तकनीक को सक्षम बनाता है। टेबलटॉप आईपी फोन के माध्यम से ऑडियो और वीडियो कॉल की जा सकती हैं। इसमें कॉल कॉन्फ्रेंसिंग, वन-टच डायलिंग, वीडियो कॉलिंग, कॉल ट्रांसफर और कॉल फॉरवर्डिंग जैसी कई उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध हैं। वीडियो कॉल को बड़े डिस्प्ले यूनिट (टीवी/पीसी) पर भी प्रदर्शित किया जा सकता है, जिससे कार्य प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और सुविधाजनक होगी।

एस्टरिस्क प्रणाली ओपन सोर्स आधारित है और किसी भी कंपनी के हार्डवेयर के साथ सहजता से काम कर सकती है। इस प्रणाली से रेलवे में कार्य की गति, दक्षता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आधुनिक सुविधा को शीघ्र ही रायपुर और नागपुर मंडलों तथा रेलवे आवासों में भी लागू किया जाए, जिससे रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यापक स्तर पर लाभ मिल सके।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह पहल दूरसंचार सेवाओं में नई दिशा प्रदर्शित करती है और प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सुगम, प्रभावी और आधुनिक बनाने में मदद करेगी।
