गणेश विसर्जन के दौरान सड़क हादसे में 3 की मौत
1 min read
Share this
*हादसे पर मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक मृतक के परिजन को 5-5 लाख घायलों को 50-50 दिये जाने की घोषणा*
जशपुर। मंगलवार की देर रात में जिले के बगीचा थाना केअंतर्गत आने वाले ग्राम जुरूडांड़ राज्य हाईवे चरईडांड रोड पर गणेश विसर्जन के जुलूस में उस समय हाहाकार मच गया जब जब एक तेज रफ्तार बोलेरो भीड़ में जा घूसी जिसमें 3 लोगों की मौत हो तथा अनेक घायल हो गयेघायलों की संख्या लगभग 30 के आसपास बताई जा रही है। मुखमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को 5-5 लाख व घायलों के लिये 50-50 हजार की सहायता दिये जाने की घोषणा की। पुलिस ने बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो क्रमांक CG 15 CR 1429 रायकेरा की ओर से आ रही थी और तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सीधे भीड़ में घुस गई। हादसे के वक्त करीब डेढ़ सौ से अधिक लोग विसर्जन जुलूस में शामिल थे जो विसर्जन के लिए नाचते गाते गणपति के साथ तालाब की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से लोग हवा में उछलकर यहां वहां गिर पड़े और कई लोग वाहन के नीचे दब गए। गुस्साई भीड़ ने चालक की जमकर पिटाई कर दी, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, जनप्रतिनिधि शंकर गुप्ता, बगीचा एसडीओपी दिलीप कोसले, एसडीएम प्रदीप राठिया, तहसीलदार महेश्वर उईके सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस से बगीचा अस्पताल लाया गया।कुछ घायलों को गणपति विसर्जन वाले वाहन में लाया गया वहीं स्थानीय ग्रामीण भी अपने वाहनों से घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल अंबिकापुर रिफर किया।
जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी शशि मोहन सिंह देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।उन्होंने बताया कि मेडिकल ऑफिसर समेत 2 नायब तहसीलदार को अंबिकापुर भेजा गया है जो घायलों का इलाज पुरी गंभीरता से करा रहे हैं।सीएमएचओ डॉ. जीएस जात्रा ने स्वास्थ्य अमले को अलर्ट किया तथा बीएमओ डॉ. सुनील लकड़ा अपनी टीम के साथ सतत घायलों के उपचार में लगे रहे।
मृतकों में अरविंद (19 वर्ष) पिता तोबियस केरकेट्टा,विपिन कुमार प्रजापति (17 वर्ष) पिता देवनारायण,खिरोवती यादव (32 वर्ष) पत्नी हरीश यादव शामिल है।
घायलों में फकीर यादव,नीलू यादव, निरंजन राम पिता अर्जुन राम, संदीप यादव,नारायण, देवंती, गुलापी बाई, याहूसु लकड़ा, संतोष प्रजापति, हेमंत यादव, उमा यादव, भुवनेश्वरी यादव, चंदा बाई, पिंकी, लीलावती प्रजापति, डमरूधर यादव, गायत्री यादव, आरती यादव, परमानंद यादव, अभिमन्यु, हेमानंद और बोलेरो चालक सुखसागर सहित 22 से अधिक लोग शामिल हैं। जशपुर विधायक रायमुनि भगत भी देर रात बगीचा अस्पताल पहुंचीं और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
अत्यंत दु:खद खबर
जशपुर के जुरुडांड, बगीचा में गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मृत्यु व कई अन्य के घायल होने की खबर अत्यंत दु:खद है।
घायलों की समुचित चिकित्सा एवं आवश्यक मदद के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।
इस दुःखद घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार मृतकों के परिजनों एवं घायलों के साथ खड़ी है। राज्य सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए एवं घायलों को 50-50 हजार रूपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
ईश्वर से दिवंगतों के आत्मा की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
*मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय *
