गंज मंडी बालाजी मंदिर से डोला यात्रा 3 सितम्बर को निकलेगी
1 min read
Share this
*बालाजी मंदिर से शुभारंभ करेंगे कोमल सिंह राजपूत, रानी सागर में मधुसूदन यादव करेंगे अगुवानी*
राजनांदगांव। भाद्रपद शुक्ल एकादशी, जिसे डोल ग्यारस के नाम से जाना जाता है के अवसर पर नगर में परंपरागत डोला यात्रा का आयोजन 3 सितम्बर को भव्य रूप से किया जाएगा। इस दिन नगर के विभिन्न मंदिरों में विराजमान भगवान राधा-कृष्ण एवं बालकृष्ण सज-धजकर डोले और रथों में नगर भ्रमण करते हुए रानीसागर में जल क्रीड़ा हेतु प्रस्थान करेंगे।
3 सितंबर, बुधवार को दोपहर 1:45 बजे तक श्री सत्यनारायण मंदिर, श्री बलदेव राधाकृष्ण मंदिर (किला मंदिर), श्री राम जानकी बाला बाबा मंदिर, श्री मोतीनाथ मंदिर, श्री बलभद्री जमात मंदिर, श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, श्री स्वामी जुगलकिशोर बड़े जमात मंदिर, श्री नोनी बाई मंदिर तथा श्री जलाराम मंदिर से निकलने वाले सभी डोले पुरानी गंज मंडी स्थित श्री बालाजी मंदिर पहुंचेंगे। यहां बालाजी मंदिर समिति द्वारा सभी देव प्रतिमाओं का स्वागत किया जाएगा।
भगवान की पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन राजगामी संपदा ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष, मंडी उपाध्यक्ष एवं जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत व उनके साथियों द्वारा किया जाएगा। इसके पश्चात वे स्वयं डोला उठाकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
संस्कारधानी जल क्रीड़ा महोत्सव समिति के अध्यक्ष अशोक लोहिया, मंदिर समिति के रामावतार जोशी, सुरेश अग्रवाल, लक्ष्मण लोहिया ने बताया कि डोला यात्रा गंज मंडी से प्रारंभ होकर तिरंगा चौक, रामाधीन मार्ग, श्री श्याम मंदिर गली, कामठी लाइन, भारत माता चौक, आजाद चौक, महाकाल चौक, फव्वारा चौक होते हुए जमात पारा से रानीसागर पहुंचेगी।
रानीसागर में डोलों की अगुवानी पूर्व सांसद एवं महापौर मधुसूदन यादव व उनकी टीम द्वारा की जाएगी। यहां भगवान राधा-कृष्ण एवं बालकृष्ण को नौकाओं में विराजित कर जल क्रीड़ा कराई जाएगी। नौका विहार के पश्चात सभी डोले पुनः अपने-अपने मंदिरों के लिए प्रस्थान करेंगे।
