June 25, 2025

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गृह ग्राम बगिया में की धान की बुवाई, की किसानों के अच्छे फसल की कामना

1 min read
Share this

*किसानों की मेहनत से धनवान बनेगा छत्तीसगढ़ – विष्णु देव साय*

जशपुर। सूबे के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को अपने खेत में धान की बुआई की मुख्यमंत्री ने बगिया स्थित आवास में सीएम ने ग्राम देवता एवं ईष्ट देवता की पूजा के बाद खेती की शुरुआत की। हर साल  विष्णुदेव साय पूजा अर्चना के बाद खेती की शुरुआत करते हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी अन्नदाताओं के अच्छे फसल के लिए कामना की।

बुवाई के बाद सीएम साय ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि खरीफ का मौसम आ गया है, इसलिए खेती-किसानी का काम भी शुरू हो चुका है। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मैंने ईष्ट देवता और धरती माता की पूजा-अर्चना कर विधिवत रूप से धान की बुवाई की। मैं धरती माता से प्रदेश के सभी किसानों के लिए अच्छी फसल की कामना करता हूँ। छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है और यहाँ के मेहनतकश किसान धान की अच्छी पैदावार करते हैं। इन किसानों की तरक्की के लिए हमारी सरकार पूरी तरह समर्पित है। हमने किसानों से वादे के अनुरूप प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा और प्रति क्विंटल धान का 3100 रुपए दिया। अंतर की राशि 13,320 करोड़ रुपए को 24 लाख 72 हजार किसानों को एकमुश्त दिया। प्रदेश के किसान अब आर्थिक समृद्ध हुए हैं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने किसान सम्मान निधि से देश भर के अन्नदाताओं को समृद्ध बनाया है। आज किसान सम्मान निधि की 17वीं किश्त जारी हो रही है। इसके लिए मैं प्रदेश के सभी किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ।