June 25, 2025

स्वस्थ ग्राम योजना विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला

1 min read
Share this

राजनांदगांव । विगत 22 वर्षों से स्वस्थ राष्ट्र की परिकल्पना को लेकर स्वास्थ के क्षेत्र में कार्य करने वाला स्वयं सेवी संगठन आरोग्य भारती द्वारा स्वस्थ ग्राम योजना विषय पर दो दिवसीय अखिल भारतीय कार्यशाला का आयोजन 1 जून से किया जा रहा है।

यह जानकारी आरोग्य भारती के छत्तीसगढ़ प्रांत के सहसचिव डॉ. अभिषेक जोशी ने विज्ञप्ति में दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण स्वास्थ्य के लिए समर्पित आरोग्य भारती ग्रामीण भारत में सकारात्मक स्वास्थ्य का प्रसार करने के लिए प्रारंभ से ही “स्वस्थ्य ग्राम योजना” पर कार्य कर रही है। आरोग्य भारती स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार, स्वस्थ ग्राम एवं स्वस्थ राष्ट्र की परिकल्पना को लेकर सन 2002 से स्वास्थ के क्षेत्र में कार्य करने वाला स्वयं सेवी संगठन है, जो भारतीय परंपरा, स्वस्थ जीवनशैली एवं जीवन मूल्यों की रक्षा को आधार मानकर विभिन्न प्रचलित पद्धतियों का सम्मान करते हुए कार्य करता है।

इसी संदर्भ में स्वस्थ ग्राम योजना विषय पर अखिल भारतीय कार्यशाला का आयोजन स्थानीय अग्रसेन भवन में  1 व 2 जून  किया गया है।कार्यशाला में महाकौशल, मध्यभारत, गुजरात, छत्तीसगढ़ एवं अन्य प्रान्तों के प्रतिनिधियों अपनी सहभागिता देंगे।1 जून को प्रातः 11:15 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। उद्घाटन सत्र में प्रमुख रूप से मुख्य अतिथि मान. श्री डॉ. रमन सिंह  विधानसभा अध्यक्ष छ.ग., अति विशिष्ट अतिथि मान. डॉ. टोपलाल वर्मा प्रांत संघचालक छ.ग., मुख्य वक्ता मान. डॉ. अशोक वार्षणेय भोपाल राष्ट्रीय संगठन सचिव आरोग्य भारती, विशिष्ट अतिथि श्री सदाशिव बैंगलोर, राष्ट्रीय स्वास्थ ग्राम प्रमुख आरोग्य भारती होंगे।

डॉ. जोशी ने बताया कि भारत देश गांव आधारित देश है स्वस्थ ग्राम से ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण होता है हमारे कार्यक्रमों में स्वच्छ पेयजल, उचित स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, गांव में स्वास्थ संबंधी विषयों के बारे में सामूहिक विचार करना तथा ऐसे विषयों पर चर्चा कर प्रोत्साहन देना सम्मिलित है। हर व्यक्ति एवं समाज इतना जागरूक, शिक्षित एवं साधन संपन्न हो कि स्वयं इन समस्याओं का समाधान कर सके। इस भारतीय स्वास्थ्य चिंतन को आधार बनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ सेवाओं को पहुंचाना आरोग्य भारती का मूल उद्देश्य है।