जिस भूपेश बघेल पर छत्तीसगढ़ को लुटने सहित अनेकों घोटाले करने का आरोप है वो पूरी ठसक के साथ चुनाव लड़ रहा है सबक आपको सिखाना है – योगी आदित्यनाथ

1 min read
Share this

00 भारत में अब घोटालेबाज नही चलेंगे
राजनांदगाँव। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कांग्रेस घोटाले का नाम है, कांग्रेस आतंकवाद का नाम है, कांग्रेस नक्सलवाद का नाम है। कांग्रेस ने युवाओं को आतंकवाद के नाम पर, उग्रवाद के नाम पर उकसाने का कार्य किया है। योगी ने कहा कि 102 लोकसभा सीटों पर चुनाव हुए हैं। पूरे देश के अंदर एक ही लहर है, एक ही आवाज है- फिर एक बार मोदी सरकार। इसी आवाज को छत्तीसगढ़ में भी हमें गुंजाना है। जो लोग जातिवाद के नाम पर और अन्य आधार पर यहाँ लोगों को बाँटना चाहते हैं, उनको दरकिनार करिए। मुख्यमंत्री श्री योगी रविवार को राजनांदगाँव संसदीय क्षेत्र के ग्राम कुमरदा में भारतीय जनता पार्टी की महती चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री योगी ने कहा कि अयोध्या में 500 वर्षों का इंतजार समाप्त करके प्रभु श्रीरामलला का फिर से अयोध्या में आगमन हुआ है। क्या यह काम कांग्रेस के लोग कर पाते? जब भगवान राम को 14 वर्ष का वनवास हुआ था तो उन्होंने इसी छत्तीसगढ़ की तरफ रुख किया क्योंकि ननिहाल नजदीक था। पहले चित्रकूट आए और फिर दंडकारण्य होते हुए पंचवटी की तरफ गए। उस समय भी उनके सामने चुनौती थी कि रावण के कुछ राक्षस इस पूरे क्षेत्र में यहाँ के ऋषि-मुनियों को परेशान करते थे, सभ्य समाज को प्रताडि़त करते थे उनकी सुरक्षा का दायित्व प्रभु राम ने अपने कंधे लिया। उन्होंने इसी धरती पर इसको निशिचरहीन करने का जो संकल्प लिया उसी का परिणाम था कि लंका के राजा रावण को भी अंतत: अपने पूरे खानदान के साथ दूसरे लोक के लिए प्रस्थान करना पड़ा था। श्री योगी ने कहा कि आज अगर अयोध्या में रामलला का प्रगटीकरण हुआ है, फिर से रामलला 500 वर्षों का इंतजार समाप्त करते हुए अयोध्या आए हैं तो प्रधानमंत्री श्री मोदी के कारण आए हैं। कांग्रेस के लोग तो कहते थे कि राम हुए ही नहीं, जब राम हुए ही नहीं तो गांधी जी क्यों कहते थे हे राम, अंत में उन्होंने कहा था रघुपति राघव राजा राम। गांधीजी के नाम पर जिन लोगों ने जीवनभर सत्ता पर काबिज रहे, वे राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा कर रहे थे। यह भारत के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा करने की कांग्रेस की कुचेष्टा थी। अभी देश प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है और देशवासियों ने 10 वर्ष में बदलते हुए भारत को देखा होगा।
मुख्यमंत्री श्री योगी ने कहा कि जब भी अवसर मिला, कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को पूरी तरह लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ा। भाजपा की सरकारों ने, डॉ. सिंह की सरकार रही हो, चाहे वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार हो, यहां के गरीबों के लिए, पिछड़ों के लिए, वनवासी आदिवासियों के लिए, उनके सम्मानजनक स्थान के लिए कार्य किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में, अटल जी के नेतृत्व में जो योजनाएँ बनाई गई थीं, कांग्रेस ने अपने 5 वर्ष के शासनकाल में उन्हें पूरी तरह समाप्त करने का प्रयास किया। श्री योगी ने कहा कि कांग्रेस ने यहां के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अपना प्रत्याशी बना कर चुनाव में उतारा है। यानी, जिनके ऊपर पहले से ही शराब, कोयला, पब्लिक सर्विस कमीशन, डीएमएफ, गौठान और महादेव एप के घोटालों का आरोप है, और फिर भी पूरी ठसक के साथ चुनाव लडऩे का दुस्साहस कर रहा है, इसका मतलब यह है कि वह यह मानकर चलता है कि हम कितना भी बड़ा अपराध करेंगे तो हम लोग समाज की आँखों में धूल झोंककर सत्ता पा लेंगे। लेकिन, अब ऐसा नहीं होने वाला है। यह नया भारत है। नए भारत में घोटालेबाज नहीं चलेंगे। भूपेश बघेल ने तो अपने शासनकाल में गोबर का भी घोटाला कर डाला! श्री योगी ने कहा कि भुनेश्वर साहू के साथ जिस प्रकार की बर्बरता हुई थी, उसके पिता ईश्वर साहू को विधायक बनाकर लव जिहाद का विरोध करने के लिए छत्तीसगढ़ की जनता का अभिनंदन है। कांग्रेस सरकार की तुष्टीकरण की नीति का विरोध किया था। यहां पर तो गौ माता को भी तस्करों के हवाले कर दिया गया था। कसाइयों के हवाले कर दिया गया था। पूरी तरह छूट दे दी गई थी। भूपेश बघेल की सरकार ने 18 लाख गरीबों को छत्तीसगढ़ के अंदर मकान से वंचित किया था क्योंकि प्रधानमंत्री श्री मोदी पैसा देना चाहते थे पर बघेल उसको लेना नहीं चाहते थे। इन गरीबों को मकान नहीं मिले ते इसका दोष भी अगर किसी के ऊपर है तो कांग्रेस की सरकार पर है।
मोदी ने कहा है कि गरीबों के लिए जितनी भी योजनाएँ हैं, इसमें और तेजी के साथ हम आगे काम करेंगे। श्री योगी ने कहा कि इस देश को दुनिया की एक बड़ी ताकत बनाना है। विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, ग्लोबल लीडर भारत बनाना है। एक ऐसा भारत जहां हर नागरिक के चेहरे पर चमक हो, हर नागरिक अपने आपको सुरक्षित महसूस करे, बेटी हो या व्यापारी इन सबकी सुरक्षा की पूरी गारंटी हो और यह कार्य केवल और केवल भाजपा कर सकती है। आपकी आस्था का सम्मान भी केवल भाजपा कर सकती है। कांग्रेस गरीबों को फ्री में राशन नहीं देती, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण नहीं करती, नक्सलवाद की समस्या का समाधान नहीं करती, कांग्रेस लोगों को सुरक्षा नहीं देती। कांग्रेस सिर्फ समस्या देती है और भाजपा समाधन का नाम है। मोदी जी को आपने दो कार्यकाल दिए हैं, तीसरा कार्यकाल भी उन्हें आप दें, यही निवेदन करने हम आपके पास पहुँच रहे हैं। भाजपा ने मोदी जी के प्रतिनिधि के रूप में इस राजनांदगांव में श्री संतोष पांडे को फिर अपना प्रत्याशी बनाकर उतारा है। 26 अप्रैल को चुनाव होंगे उसमें आप सबको संतोष पांडे को मोदी जी का प्रतिनिधि बना कर संसद भेजना है।