June 24, 2025

प्रत्येक बूथ में 370 वोट भाजपा के पक्ष में बढ़ाने का लक्ष्य – जामवाल

1 min read
Share this

जगदलपुर। बस्तर प्रवास पर आये भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने जिले के प्रत्येक बूथ में 370 वोट भाजपा के पक्ष में बढ़ाने कार्यकर्ताओं को लक्ष्य दिया है। जिसके लिये एक-एक मतदाता से, लाभार्थियों से संपर्क साधने और हर एक घर में दस्तक देने भाजपा कार्यकर्ताओं को कहा गया है। भाजपा कार्यालय में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल व प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने बस्तर जिले की तीनों विधानसभा जगदलपुर, चित्रकोट व बस्तर की कोर कमेटी की लंबी बैठक ली और बस्तर लोकसभा सीट को बड़े मार्जिन से जीतने की रणनीति बनाते हुये कोर कमेटी के सदस्यों से चर्चा की।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि बस्तर लोकसभा सीट में प्रथम चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। आज और अभी से मिले 30 दिनों में सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को दिन रात मेहनत कर पूरी ताकत झोंकनी है जिन्हें जो दायित्व मिला है, वो उसे कर्मठता से पूरा करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं पर धरातल में काम हुआ है। प्रत्येक लाभार्थी, मतदाता से घर-घर जाकर कार्यकर्ता जीवंत संपर्क बनायें। प्रदेश में भी अब भाजपा की सरकार है। अपने बूथ को मजबूत करने पर काम करना है और हर बूथ से भाजपा के पक्ष में 370 वोट बढ़ाने का लक्ष्य साध मेहनत करनी है। प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की ताकत है। प्रदेश में भाजपा की सरकार कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही पुन: स्थापित हुई है। बस्तर लोकसभा सीट को बड़े मार्जिन से जीतना है। मन में यह बात ठान कर कार्यकर्ता प्राण-प्रण से चुनावी मैदान में आगे बढ़ें।