June 24, 2025

बस्तर सहित छग की सभी 11 लोकसभा सीट जीतने के लिए जन-जन तक पहुंचें कार्यकर्ता – किरणदेव

1 min read
Share this

00 भाजपा बस्तर लोकसभा केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी बस्तर लोकसभा केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव व वन मंत्री केदार कश्यप ने किया। बस्तर लोकसभा केंद्रीय चुनाव कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेण्डी, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, महेश गागड़ा, बस्तर लोकसभा प्रभारी महेश जैन, विनायक गोयल, चैतराम अट्टामी, श्रीनिवास राव मद्दी आदि मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव के उद्घाटन अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि बस्तर लोकसभा सहित छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों में भाजपा की जीत का परचम लहराना है और लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा की सरकार स्थापित करनी है। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता आज व अभी से चुनाव समर में कार्य करने जुट जायें। देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनेकों जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया है, छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री आवास, किसानों के हितार्थ व महिलाओं के लिये महतारी वंदन योजना जैसे बड़े निर्णय ले रही है। भाजपा के कार्यकर्ता शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जन तक पहुंचें, सघन संपर्क करें।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा के ऊर्जावान कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी है। देवतुल्य कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव में पूरी कर्मठता से कार्य करते हुये केंद्र में भाजपा की सरकार स्थापित करेंगे। भाजपा की विजय का संकल्प प्रत्येक कार्यकर्ता ने लिया है। विधायक लता उसेण्डी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिये भाजपा ने शंखनाद कर दिया है। पूरी शक्ति व एकजुटता के साथ भाजपा के कार्यकर्ताओ को लोकसभा चुनाव की लड़ाई लडऩी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा जादुई नेतृत्व भाजपा के साथ है।