वनाधिकार पट्टाधारी किसान धान बेचने के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन कराने की मांग

1 min read
Share this

बीजापुर। सरकार ने वनाधिकार पट्टे देकर जिन किसानों को जमीन का मालिकाना हक दिया, अब वही किसान अपनी उपज बेचने के लिए सरकारी व्यवस्था के सामने बेबस नजर आ रहे हैं। बीजापुर जिले के पामेड़ क्षेत्र के करीब 35 गांवों में 400 से अधिक नए वनाधिकार पट्टाधारकों का नाम एग्रीस्टैक पोर्टल में दर्ज नहीं होने से उनका धान पंजीयन अटक गया है। किसानों का कहना है कि एग्रीस्टैक में पंजीयन के बिना धान पंजीयन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। इस समस्या को लेकर वनाधिकार पट्टाधारक किसानों ने जिला कलेक्टर के नाम आवेदन देकर तत्काल एग्रीस्टैक एवं धान पंजीयन कराने की मांग की है। ग्राम सापेड़ के हरीश कुंजाम, जारपल्ली के कारम धरदेव, सैंड्राबोर के कुरसम मुत्ता, कंवरगट्टा के मड़कम नंदा और धर्माराम के सोढ़ी भुजंगरा ने प्रशासन से जल्द पंजीयन कराने की मांग की है।
पामेड़ धान खरीदी केंद्र के अंतर्गत आने वाली सात ग्राम पंचायतों पामेड़, धर्माराम, उड़तामल्ला, पालागुड़ा, कंवरगट्टा और दारेली सहित आसपास के करीब 35 गांवों में हाल ही में बड़ी संख्या में वनाधिकार पट्टे वितरित किए गए हैं। पट्टा मिलने के बाद किसानों को उम्मीद थी, कि अब वे सरकारी योजनाओं और समर्थन मूल्य पर धान बिक्री का लाभ उठा सकेंगे, लेकिन एग्रीस्टैक पोर्टल में नाम दर्ज नहीं होने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। समय रहते पंजीयन नहीं हुआ, तो आर्थिक तंगी के कारण किसान गैरकानूनी रूप से सक्रिय सीमावर्ती तेलंगाना के अवैध कोचियों के चंगुल में फंसकर 800 से 900 रुपये प्रति क्विंटल में धान बेचने को विवश हो सकते हैं।
कलेक्टर विश्वदीप ने बताया कि जिले में अब तक 20 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन हो चुका है। जो किसान एग्रीस्टैक और धान पंजीयन से छूट गए हैं, उनका पंजीयन कराने के लिए प्रशासन पूरा प्रयास करेगा, ताकि वे समर्थन मूल्य पर धान बेचने के साथ बोनस का लाभ भी ले सकें। सीमावर्ती क्षेत्रों में कोचियों की गतिविधियों पर भी प्रशासन नजर रख रहा है और नियम विरुद्ध धान खरीदी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

This will close in 0 seconds