November 29, 2026

पति ने तलाक लेने की मंशा से डॉक्टर के साथ मिलकर पत्नी का कराया गर्भपात, डॉक्टर व पति पर एफआईआर

1 min read
Share this
बिलासपुर। तीन महीने की गर्भवती महिला का उसकी सहमति के बिना गर्भपात कराने का मामला सामने आया है जहां पति ने तलाक लेने की मंशा से डॉक्टर के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। पीडि़ता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति और जेपी हॉस्पिटल की संचालिका महिला डॉक्टर उज्वला कराड़े के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। वहीं मामले में आरोपी डॉक्टर को हाईकोर्ट से भी फिलहाल राहत नहीं मिली है। बताया जाता है कि पीडि़ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि वह तीन महीने की गर्भवती थी। इसी दौरान उसके पति सुयश अग्रवाल ने तलाक लेने की मंशा से डॉक्टर के साथ मिलकर उसकी सहमति के बिना गर्भपात करा दिया। आरोप है कि पति को आशंका थी कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक की प्रक्रिया में परेशानी आ सकती है। पीडि़ता की शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी हॉस्पिटल की संचालिका डॉ. उज्वला कराड़े के खिलाफ बीएनएस की धारा 89 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपी डॉक्टर ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी। ऐसे में अब दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

This will close in 0 seconds