भाजपा प्रदेश प्रवक्ता चौधरी ने कहा, बड़े कांग्रेस नेता कर रहे कार्यकर्ताओं का खुलेआम अपमान

1 min read
Share this

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुनील चौधरी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस की आंतरिक कलह, गुटबाजी और कार्यकर्ताओं की दयनीय स्थिति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस में आज कार्यकर्ताओं की राजनीतिक हैसियत क्या रह गई है, यह खुद कांग्रेस के बड़े नेताओं के बयान ही उजागर कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तो अपने ही कार्यकर्ताओं को ‘स्लीपर सेल’ तक बता चुके हैं, जो कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री चौधरी ने शुक्रवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को हटाने और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कमजोर करने की चल रही कवायद पर कटाक्ष किया और छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सुखदेव भगत के हालिया दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रभारी ने निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को हटाने की बात कही है। श्री चौधरी ने सवाल उठाया कि क्या यह सीधा संकेत कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज के लिए है, जो इन दिनों केवल प्रवक्ता की भूमिका तक सीमित हैं और मैदान में कहीं नजर नहीं आ रहे हैं? दूसरी ओर भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव ने पूरे प्रदेश में पदयात्रा की घोषणा कर दी है। बैज को हटाने और यादव को मजबूत करने की इस पूरी कवायद को उन्हें (बघेल को) राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश मान रहे भूपेश बघेल को भय सता रहा है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री चौधरी ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर कार्यकर्ताओं को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस प्रभारी को पार्टी में ‘नेता’ चाहिए, ‘फॉलोअर्स’ नहीं; जबकि पूरी कांग्रेस पार्टी का इतिहास ही एक खानदान के फॉलोअर्स बने रहने का रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कार्यकर्ताओं को ‘भौंकने वाला’ बताते हैं, तो वहीं राहुल गांधी कार्यकर्ताओं की तुलना ‘बारात के घोड़े और युद्ध के घोड़े’ से करते हैं। छत्तीसगढ़ में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत बड़े नेताओं को अपने ‘चमचों’ को सम्भाल कर रखने की नसीहत देते हैं। श्री चौधरी ने कहा कि कांग्रेस में आज नेताओं के बीच एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। कुल मिलाकर पूरी कांग्रेस पार्टी में ‘जूतम-पैजार’ की स्थिति बनी हुई है और गुटबाजी अपने चरम पर पहुँच गई है।

This will close in 0 seconds