November 24, 2026

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी की आप में हुई घर वापसी, पुन: ग्रहण की सदस्यता

1 min read
Share this
रायपुर। आम आदमी पार्टी (आप) छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने आज पुन: आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उनकी वापसी से प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखा जा रहा है। प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत और सहप्रभारी सौरभ झा के समक्ष कोमल हुपेंडी की घर वापसी हुई है। कोमल हुपेंडी ने वर्ष 2016 में आम आदमी पार्टी के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। उनकी कार्यक्षमता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी। 16 जनवरी 2024 को उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसके पश्चात अप्रैल 2024 में वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे। हालांकि, कुछ दिन पूर्व ही उन्होंने भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और आज पुन: अपने पुराने परिवार आम आदमी पार्टी में लौट आए हैं। पार्टी नेताओं का मानना है कि कोमल हुपेंडी के जमीनी अनुभव और सांगठनिक कौशल का लाभ आने वाले दिनों में पार्टी को निश्चित रूप से मिलेगा और छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी का संगठन और अधिक मजबूत होगा।

This will close in 0 seconds