कार्तिक पूर्णिमा पर खारुन में भूपेश ने लगाई आस्था की डुबकी, बोले – सूर्योदय से पहले स्नान करना स्वास्थ्य के लिए होता है फायदेमंद
1 min read
Share this
रायपुर। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर के महादेव घाट पहुंचे और उन्होंने खारुन नदी में स्नान कर हटकेश्वर महादेव के दर्शन किए। सुबह करीब 5.30 बजे नदी में डुबकी लगाने के बाद उन्होंने कहा कि कार्तिक महीने में स्नान करने की परंपरा छत्तीसगढ़ में लंबे समय से चली आ रही है। सूर्योदय से पहले स्नान करना स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होता है। इस अवसर पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना की।
उल्लेखनीय है कि कार्तिक महीने में श्रद्धालु सुबह जल्दी उठकर नदी और सरोवरों में स्नान करते हैं। कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन पवित्र नदी में स्नान, दान, जप और दीपदान करने से पुण्य मिलता है। मुख्यमंत्री रहने के दौरान भूपेश बघेल ने कार्तिक पूर्णिमा पर महादेव घाट पहुंचकर स्नान करने की परंपरा शुरू की थी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना किया।

