November 23, 2026

नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल का लाइसेंस होगा रद्द और डॉक्टरों की डिग्री होगी फ्रीज

1 min read
Share this
00 स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने मीडिया से चर्चा करते हुए दी जानकारी रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा होने के बाद दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अब इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज मीडिया से चर्चा करते हुए सरकार द्वारा उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल का लाइसेंस कैंसल किया जाएगा और इसके साथ संलिप्त डाक्टरों की डिग्री भी फ्रीज की जाएगी। जिसने ये काम किया है, उनको ऐसी सजा दी जाएगी, जिसे उनकी पीढ़ी दर पीढ़ी भी याद रखेगी। वहीं विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी के द्वारा इस पूरे प्रकरण की एसआईटी जांच की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एसआईटी तो होगी ही साथ ही अलग से भी इसकी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल कांग्रेस के समय का है और इसके शुभारंभ के अवसर पर कांग्रेस के मंत्री और विधायक गए थे, लेकिन इसका ये मतलब नहीं है कि कांग्रेस की कोई संलिप्तता है. मै किसी पर आरोप नहीं लगा रहा हूं. लेकिन कांग्रेस इसमें किसी भी प्रकार से राजनीति न करे। वहीं दूसरी ओर राजस्थान के निकाय चुनाव में भाजपा को मिली हार के परिपेक्ष्य में छत्तीसगढ़ में दिसंबर में होने वाले निकाय चुनावों पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राजस्थान की प्रकृति, छत्तीसगढ़ से अलग है। नगरीय निकाय के चुनाव स्थानीय मुद्दों पर होते हैं और छत्तीसगढ़ में एक साल पहले ही निकाय और पंचायत चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हुआ है। कांग्रेस एक भी चुनाव नहीं जीत पाई, मन के लड्डू खाना कांग्रेस वाले भूल जाएं, सभी नगरीय निकाय में भाजपा की जीत होगी।

This will close in 0 seconds