रायपुर। मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला खमतराई इलाके से सामने आया है जहां बेटे ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही मां की सिलबट्टे के लोहे से सिर पर वार किया और फिर रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद आरोपी ने परिजनों और आसपास के लोगों को भी इसकी भनक नहीं लगने दी लेकिन पुलिस की पकड़ से कोई ज्यादा दिन भाग नहीं सकता है और यह हुआ भी जब तीन साल पुराने इस संदिग्ध मौत के मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार श्यामा गोस्वामी की मृत्यु के मामले में मर्ग क्रमांक 72/2023 दर्ज कर जांच की जा रही थी। जांच के दौरान मृतिका के सिर पर चोट और गले में रस्सी के निशान से जुड़े तथ्य सामने आए थे। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की दोबारा गहन जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों को घर लाना चाहता था। इसी बात को लेकर 5 जुलाई 2023 को उसका अपनी मां से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी मां को दीवार की ओर धक्का दिया, जिससे उनके सिर में चोट आई। इसके बाद उसने कथित तौर पर सिलबट्टे के लोहे से सिर पर वार किया और फिर रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने के लिए मृतिका के सिर पर गमछा बांधा और माथे व सिर पर गुलाल लगा दिया। उसने अपनी बहनों और पुलिस को भी हत्या की जानकारी नहीं दी। आसपास के लोगों को मां की मृत्यु सामान्य कारणों से होने की बात बताई। बाद में मृतिका की बेटी संगीता गोस्वामी ने अपनी मां की मौत पर संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने पुराने मर्ग से जुड़े तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का दोबारा परीक्षण किया। गवाहों और परिजनों से पूछताछ के बाद आरोपी की संलिप्तता सामने आई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी (44 वर्ष), पिता स्वर्गीय अंबिकेश्वर पुरी गोस्वामी, निवासी धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1240/2026 के तहत धारा 302 और 201 भादवि में मामला दर्ज किया।