छत्तीसगढ़ राइस ब्रोकर्स एसोसिएशन का वार्षिक आमसभा, दीपावली मिलन समारोह व वेबसाइट लॉन्चिंग संपन्न
1 min read
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ राइस ब्रोकर्स एसोसिएशन द्वारा एक निजी होटल में वार्षिक आम सभा, दीपावली मिलन समारोह और आधिकारिक वेबसाइट लॉन्चिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ऑल इंडिया राइस मिलर्स एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेश अग्रवाल, कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमर परवानी, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौराणी, द राइस एक्सपोर्ट एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष मुकेश जैन और छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स एसोसिएशन के सचिव विष्णु बिंदल उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ की गई। सभा को संबोधित करते हुए अमर परवानी, योगेश अग्रवाल, सतीश थौराणी, मुकेश जैन और विष्णु बिंदल ने संगठन के महत्व और आज के डिजिटल युग में वेबसाइट की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। सभी वक्ताओं ने छत्तीसगढ़ राइस ब्रोकर्स एसोसिएशन को इस नई पहल के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस आधुनिक वेबसाइट का निर्माण श्री स्पर्श अग्रवाल और उनकी टीम द्वारा किया गया है, जिन्हें अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में एसोसिएशन के सचिव श्री सुमित केडिया ने वार्षिक सचिव प्रतिवेदन और अध्यक्ष श्री गोपाल बजाज ने अध्यक्षीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समारोह के दौरान एसोसिएशन की ओर से उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, संगठन के सदस्य श्री विशाल खंडेलवाल और श्री संदीप खंडेलवाल को विगत माह नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने पर एसोसिएशन द्वारा उनका भी विशेष सत्कार किया गया।
कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष श्री नरेश चौबे ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया, जबकि संपूर्ण कार्यक्रम का सफल एवं आकर्षक संचालन श्री राजू झमनानी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों के लिए स्वल्पाहार की सुंदर व्यवस्था की गई थी।

