दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो गई है, किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। इधर जैविक खेती के लिए देश भर में पहचान बना चुके दंतेवाड़ा जिले के किसान धान का उचित दाम नहीं मिलने से नाराज हैं। किसानों की मांग है कि जैविक धान की खरीदी 5500 से 7000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाए और इसके लिए अलग जैविक मंडी स्थापित की जाए। किसान मधुसूदन ने कहा कि जब तक जैविक धान का उचित समर्थन मूल्य नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो किसान भी मजबूरी में रासायनिक खाद का उपयोग कर खेती करने को मजबूर होंगे,जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
भारतीय किसान संघ ने दीपावली से पहले 15 सूत्रीय मांगों को लेकर अन्नदाता गर्जना रैली कर 15 दिन का अल्टीमेटम दिया था। अब ठोस पहल नहीं होने पर किसान संघ ने एक बार फिर कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव से मुलाकात की। कलेक्टर ने स्थानीय स्तर पर पूरी की जा सकने वाली मांगों पर पहल करने और जैविक धान के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी का प्रस्ताव शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
किसानों का कहना है कि जैविक खेती में प्रति एकड़ लगभग 08 से 10 क्विंटल धान का उत्पादन होता है, जबकि रासायनिक खाद के उपयोग से उत्पादन 12 से 14 क्विंटल तक पहुंच जाता है। कम उत्पादन और ज्यादा मेहनत के बावजूद जैविक किसानों को उनकी उपज का अलग और बेहतर मूल्य नहीं मिल रहा है।किसानों का कहना है कि जैविक खेती को बढ़ावा देने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन इसका वास्तविक आर्थिक लाभ किसानों तक नहीं पहुंच पा रहा है। एनजीओ के माध्यम से जैविक धान उपार्जन की व्यवस्था का भी किसान विरोध कर रहे हैं। उनकी मांग है कि जैविक उपज का पूरा लाभ सीधे किसानों को मिले।
किसान शैलेष अटामी ने कहा कि दंतेवाड़ा जिला जैविक जिला है. लगातार किसान जैविक खेती कर रहे हैं। दिवाली के पहले किसानों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया था कि जैविक का उचित दाम मिलना चाहिए। हमें सब्सिडी दें या धान की कीमत बढ़ाकर दें। जैविक के हिसाब से पैसा नहीं मिलेगा तो हम जैविक खेती क्यों करेंगे। हम एनजीओ के माध्यम से खेती नहीं करना चाहते है।