November 21, 2026

विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर अम्बेडकर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

1 min read
Share this

*शिशु के लिए माँ का दूध सर्वोत्तम,माताओं को दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव* 

​रायपुर। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग तथा शिशु रोग विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता एवं परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, नवप्रसूता माताओं एवं उनके परिजनों को स्तनपान के महत्व, नवजात शिशु के उचित पोषण तथा मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। इस कार्यक्रम के माध्यम से चिकित्सकों ने यह संदेश दिया कि शिशु के लिए माँ का दूध ही सर्वोत्तम है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्त्री रोग एवं प्रसूति विभागाध्यक्ष तथा शिशु रोग विभागाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने उपस्थित महिलाओं से संवाद कर स्तनपान से जुड़ी भ्रांतियों का निराकरण किया तथा वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर आवश्यक जानकारी प्रदान की।

शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ओंकार खंडवाल ने कहा कि शिशु के जन्म के पहले एक घंटे के भीतर कराया गया स्तनपान उसके स्वस्थ जीवन की पहली और सबसे महत्वपूर्ण शुरुआत है। उन्होंने बताया कि जन्म के तुरंत बाद निकलने वाला गाढ़ा पीला दूध (कोलोस्ट्रम) नवजात के लिए ‘प्राकृतिक पहला टीका’ है, जो उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है और कई गंभीर संक्रमणों एवं बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने माताओं से आग्रह किया कि शिशु को जन्म से लेकर पहले छह माह तक केवल मां का दूध ही दें तथा इस अवधि में पानी या अन्य किसी भी प्रकार का आहार न दें।

प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ज्योति जायसवाल ने माताओं को स्तनपान कराने की सही विधि, उचित मुद्रा (पोजीशन), स्तनों की देखभाल तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मां का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना शिशु के समुचित विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। सभी माताओं को आयरन एवं कैल्शियम का सेवन न केवल गर्भावस्था के दौरान बल्कि शिशु के स्तनपान का दौरान भी करना चाहिए। उन्होंने माताओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की भी अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने स्तनपान, नवजात शिशु की देखभाल एवं मातृ स्वास्थ्य से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से समाधान किया। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ तथा बड़ी संख्या में गर्भवती एवं नवप्रसूता माताएं उपस्थित रहीं।

 

This will close in 0 seconds