अवैध खनिज उत्खनन व परिवहन के मामलों में 1 जेसीबी सहित 4 वाहन जब्त
1 min read
Share this
राजनांदगांव। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 जेसीबी, 2 हाईवा और 1 माजदा वाहन जब्त किया है। मुरूम और चूना पत्थर गिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर सभी वाहनों को कब्जे में लेकर थाना डोंगरगांव के सुपुर्द किया गया है। प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने डोंगरगांव तहसील के बीजाभाठा, लक्ष्मणभरदा, सालिकझिटिया, डोंगरगांव, कुमरदा और अर्जुनी क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान खैरागढ़ निवासी किशोर पटेल के स्वामित्व वाली जेसीबी मशीन क्रमांक सीजी 08 बीए 2050 से चालक हरेन्द्र निषाद द्वारा मुरूम का अवैध उत्खनन करते पाया गया। वहीं राजनांदगांव निवासी दुर्गेश देवांगन के स्वामित्व वाले हाईवा सीजी 08 एएन 4987 से चालक तोमन साहू द्वारा मुरूम का अवैध परिवहन किया जा रहा था।

इसी तरह राजनांदगांव निवासी रोमील गोलछा के स्वामित्व वाले हाईवा सीजी 08 एबी 6714 और अर्जुनी निवासी हरि साहू के स्वामित्व वाले माजदा वाहन सीजी 15 एसी 2651 से चूना पत्थर गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर कार्रवाई की गई। कलेक्टर का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और निगरानी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का यह सिलसिला जारी रहेगा।
