May 18, 2026

ओदारी नदी में छापा, 9 हाईवा और चैन माउंटेन मशीन जब्त

1 min read
Share this

एमसीबी। जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायत घटई, तहसील भरतपुर स्थित ओदारी नदी क्षेत्र में संयुक्त छापामार अभियान चलाकर अवैध खनन गतिविधियों पर बड़ा प्रहार किया। जिला स्तरीय टास्क फोर्स, खनिज विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में अवैध रेत उत्खनन में प्रयुक्त एक चैन माउंटेन मशीन तथा रेत परिवहन में लगे 9 हाईवा वाहनों को मौके से जब्त किया गया। प्रशासनिक जांच में पाया गया कि संबंधित स्थल पर खनन कार्य निर्धारित नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों के विपरीत संचालित किया जा रहा था।
प्रशासन की इस सुनियोजित कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई। बताया गया कि जब्त किए गए सभी वाहन एवं मशीनरी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई तक ग्राम पंचायत घटई की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं खनिज परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खनिज एवं विनियमन अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि नियमों की अनदेखी कर प्राकृतिक संसाधनों का दोहन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन ने दो टूक संदेश दिया है कि जिले में प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट पर अब लगातार निगरानी रखी जाएगी और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। ओदारी नदी क्षेत्र में हुई यह कार्रवाई केवल एक अभियान नहीं, बल्कि अवैध खनन माफियाओं के लिए स्पष्ट चेतावनी है कि शासन अब संसाधनों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।