देवास फटाका फैक्ट्री में आग लगने से 3 श्रमिकों की मौत 27 घायल

1 min read
Share this

*देवास फटाका फैक्ट्री हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक व्यक्त करते घटना को पीड़ादायक बताया*

देवास (मध्य प्रदेश)। गुरुवार की सुबह 11.30 बजे के आसपास देवास जिले के टोंक कलां क्षेत्र में स्थित पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाके के साथ आग लगने से उस समय वहां कार्यरत 3 श्रमिकों की मौत हो गई तथा 27 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इंदौर के अस्पताल में इलाज के लिये भर्ती किया गया है। विस्फोट की सूचना मिलने पुलिस,दमकल और जिला प्रशासन की टीम तत्काल वहां पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। इस हादसे पर छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत पीड़ादायक बताया।

विस्फोट हादसे के बारे में प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिले के  टोंककला के पास एबी रोड पर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार को एक भीषण विस्फोट ने पूरा इलाका थर्रा उठा। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद एक के बाद एक जोरदार विस्फोट शुरू होने लगे, जिससे आसपास स्थित गांव भी दहल उठे।विस्फोट की भयानक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री का मलबा और शवों के चिथड़े सड़क तक जा पहुंचे। जिस समय फैक्ट्री में यह हादसा हुआ उस समय वहां लगभग 30 श्रमिक कार्य कर रहे थे।घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मध्य प्रदेश के देवास जिले में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की घटना में हुई जनहानि पर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हादसे को अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक बताया।

साय ने इस हादसे में दिवंगत हुए लोगों के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते कहा कि मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिवारों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें और दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।