सुशासन तिहार में हंगामे के बाद पार्षद प्रीति समुंद्रे समेत कई लोगों पर एफआईआर दर्ज

1 min read
Share this

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में आयोजित सुशासन तिहार-2026 के दौरान विरोध प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने पार्षद प्रीति चमन समुंद्रे सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
मामला डोंगरगढ़ के अंबेडकर सांस्कृतिक भवन इंदिरा नगर का है, जहां शिविर के दौरान कथित रूप से शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, अधिकारियों-कर्मचारियों को भवन के अंदर बंद करने और बिजली कनेक्शन काटने का आरोप लगाया गया है। पुलिस के अनुसार 13 मई 2026 को आयोजित सुशासन तिहार शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। इस दौरानम काम में बाधा डालने की शिकायत नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ में पदस्थ सहायक राजस्व निरीक्षक महेंद्र करसे ने दर्ज कराई है। एफआईआर में कहा गया है कि पट्टा वितरण की मांग को लेकर वार्ड पार्षद प्रीति चमन समुंद्रे अपने समर्थकों के साथ शिविर स्थल पहुंचीं और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों को सांस्कृतिक भवन के भीतर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया गया। इतना ही नहीं, शिविर स्थल का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया, जिससे कार्यक्रम बाधित हो गया। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी और अन्य दस्तावेजों को भी प्रभावित किया गया। डोंगरगढ़ थाना पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 127(2), 221, 324(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।