पाइपलाइन बिछा रहे तीन मजदूरों की मिट्टी में दबने से मौत
1 min read
Share this
बालोद। बीएसपी की सीवरेज लाइन बिछा रहे तीन मजदूरों की मिट्टी में दबने से मौत हो गई, वहीं तीन मजदूरों का रेस्क्यू किया गया। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर सीवर लाइन का काम कर रहे थे। इसी दौरान उनके उपर मिट्टी खिसक गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बालोद जिले के राजहरा नगर के दास पान ठेला चौक के पास बीएसपी की सीवरेज लाइन बिछाने का काम चल रहा था। पाइपलाइन के लिए 10 फीट गड्ढा खोदा गया था और मजदूर अपना-अपना काम कर रहे थे, इसी दौरान अचानक मिट्टी धसक गई। हादसे में करीब छह मजदूर मिट्टी में दब गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस और आम लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। घटना में किशुन कुमार, राकेश कुमार और एक महिला मजदूर की मौत हो गई। तीन अन्य मजदूरों का रेस्क्यू कर उन्हें मिट्टी से बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
