अवैध लकड़ी परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 8 नग साल लट्ठा सहित पिकअप वाहन जब्त
1 min read
Share this
00 दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध वनोपज परिवहन के खिलाफ वन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में बलरामपुर वनमंडल के अंतर्गत वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से साल लकड़ी का परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

वनमण्डलाधिकारी श्री आलोक वाजपेयी के निर्देशन तथा उप वनमण्डलाधिकारी श्री अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र बलरामपुर के सर्किल मानिकपुर अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। वन विभाग को सूचना मिली थी कि मानपुर क्षेत्र से अवैध रूप से साल लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है।
जांच के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 टी 9601 में साल प्रजाति के 8 नग लट्ठे (करीब 1.915 घनमीटर) लोड पाए गए। वाहन में सवार विष्णु गुप्ता एवं सर्वाेत्तम गुप्ता, निवासी ग्राम बानापती, लकड़ी के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद वन विभाग ने वाहन सहित वनोपज को जब्त कर लिया। प्रकरण में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41 एवं 52 तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 के नियम 22 के तहत कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया है।
कार्रवाई में वनपरिक्षेत्राधिकारी श्री निखिल सक्सेना, वनपाल श्री धनश्याम शर्मा, श्री प्रहलाद तिवारी, वनरक्षक श्री अजीत कुजूर, श्री शिवशंकर सिंह, श्री देवीलाल, श्री राजेश राम, श्री संजीव सिंह एवं श्री सुरेन्द्र सिंह ओइके सहित वन विभाग का अमला उपस्थित रहा।
