May 11, 2026

रायपुर रेल मंडल में यात्री सुविधाओं और सुरक्षा की मांग को लेकर डीआरयूसीसी सदस्यों ने महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

1 min read
Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन में मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति (डीआरयूसीसी) के सदस्य एवं चेम्बर उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, रेल सलाहकार समिति रेल मंडल रायपुर के सदस्य विमल बाफना एवं जितेंद्र शादीजा ने संयुक्त रूप से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक से मुलाकात कर रायपुर रेलवे स्टेशन सहित मंडल के अन्य स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा और अधोसंरचना में सुधार की तत्काल आवश्यकता जताई।
सदस्यों ने महाप्रबंधक का ध्यान रायपुर स्टेशन पर बढ़ती भीड़ की ओर आकर्षित करते हुए बताया कि पिछले चार वर्षों में यात्रियों की संख्या दोगुनी हो गई है, जिसके कारण वर्तमान में उपलब्ध टिकट एटीएम मशीनें अपर्याप्त साबित हो रही हैं। उन्होंने प्लेटफार्म नंबर 2 से 7 तक शेड के विस्तार और गर्मी व बारिश से राहत के लिए वॉटर स्प्रिंकलर सिस्टम लगाने की मांग की। इसके साथ ही, जनरल और स्लीपर क्लास के यात्रियों की सुविधा के लिए गोंदिया स्टेशन की तर्ज पर प्लेटफार्मों पर उचित दूरी पर जनता खाना स्टॉल लगाने का सुझाव दिया गया, ताकि गरीब और मध्यम वर्ग के यात्री ट्रेन की खिड़की से ही सुलभ भोजन प्राप्त कर सकें।
ट्रेन संचालन के क्षेत्र में, सदस्यों ने रायपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और अमृतसर जैसे प्रमुख महानगरों के लिए नई साप्ताहिक ट्रेनें शुरू करने का आग्रह किया। साथ ही, दुर्ग-टाटानगर और दुर्ग-भोपाल मार्गों पर यात्रियों के अत्यधिक दबाव को देखते हुए नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से, रायपुर रेल मंडल के सरस्वती नगर और डब्ल्यूआरएस जैसे छोटे स्टेशनों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को रोकने के लिए रात्रि पेट्रोलिंग बढ़ाने और रेलवे प्लेटफार्मों को शॉर्टकट मार्ग के रूप में उपयोग होने से रोकने हेतु कड़े कदम उठाने की मांग की गई है।
क्षेत्रीय विकास और स्वच्छता को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए, जिनमें क्यूआर कोड आधारित फीडबैक सिस्टम, ‘एक स्टेशन एक उत्पादÓ के तहत छत्तीसगढ़ी हस्तशिल्प और मिलेट उत्पादों के स्थायी स्टॉल, तथा स्टेशन के बाहर व्यवस्थित प्रीपेड ऑटो-टैक्सी बूथ का संचालन शामिल है। लोकेश चंद्रकांत जैन ने महाप्रबंधक से मांग की कि होटल राजपुताना के पास जर्जर हो चुकी सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके। महाप्रबंधक ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए यात्री हित में आवश्यक कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया है।