नागपुर मंडल के इतवारी स्टेशन पर आपातकालीन चिकित्सा कक्ष की सुविधा प्रारंभ
1 min read
Share this
रायपुर/बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी रेलवे स्टेशन पर आपातकालीन चिकित्सा कक्ष की सुविधा प्रारंभ की गई है। यह पहल नागपुर मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री दिलीप सिंह के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में यात्रियों की बेहतर सुविधा हेतु शुरू की गई है।
इस सुविधा का उद्देश्य यात्रा के दौरान अचानक अस्वस्थ होने वाले यात्रियों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों को तुरंत राहत मिल सके। इस चिकित्सा कक्ष के संचालन में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. श्रीकांत मुक्केवार का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है। डॉ. मुक्केवार, जो कि मिडास हॉस्पिटल के संचालक हैं, ने यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया है।
नागपुर मंडल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन परिसर में यह आपातकालीन चिकित्सा कक्ष स्थापित किया गया है। इस चिकित्सा कक्ष में आवश्यक प्राथमिक उपचार उपकरण एवं मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। रेलवे प्रशासन का यह प्रयास यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं भरोसेमंद यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल साबित होगा।
