ऑपरेशन सिंदूर – नया भारत, नया युग, नई ताकत-साय

1 min read
Share this

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे होने पर कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर – नया भारत, नया युग, नई ताकत !” बना है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि  आज से एक वर्ष पूर्व, पहलगाम में सीमा पार से आतंकियों द्वारा आकर किए गए घिनौने कृत्य ने पूरे राष्ट्र को झकझोर दिया था। लेकिन भारत ने उस रक्तरंजित चुनौती का ऐसा जवाब दिया, जो इतिहास के पन्नों में शौर्य, संकल्प और पराक्रम के स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर”मात्र एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि नई भारत की अटूट इच्छाशक्ति, निर्भीक संकल्प और निर्णायक शक्ति का प्रखर उद्घोष था। यह वह क्षण था जब भारत ने दुनिया को बता दिया कि अब हम चुपचाप सहने वाले नहीं रहे। अब हमारी मातृभूमि पर कोई आँख उठाएगा तो उसे मुँह की खानी पड़ेगी। इस अभियान ने हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस, बेजोड़ रणनीति और राष्ट्र के प्रति असीम समर्पण को अमर कर दिया। जिस सटीकता, दृढ़ता और विनाशकारी शक्ति के साथ आतंक के सरपरस्तों और उनके आकाओं को करारा जवाब दिया गया, उसने वैश्विक पटल पर भारत की सैन्य क्षमता और मजबूत नेतृत्व की नई तस्वीर उकेर दी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के प्रति ‘शून्य सहिष्णुता’ की नीति को न सिर्फ अपनाया, बल्कि उसे युद्ध-क्षेत्र में सिद्ध भी कर दिखाया। हमारी सेनाओं की संयुक्त ताकत, अत्याधुनिक युद्ध-प्रौद्योगिकी और आत्मनिर्भर रक्षा व्यवस्था ने साबित कर दिया कि अब भारत केवल प्रतिक्रिया नहीं देता बल्कि वह निर्णायक, घातक और अंतिम प्रतिकार करता है।

ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर राष्ट्र के उन सभी वीर सपूतों को कोटिशः नमन, जिनके शौर्य और पराक्रम ने हर भारतीय का मस्तक गर्व से ऊँचा किया है। उस हमले में जान गंवाने वाले पर्यटकों के प्रति भी विनम्र श्रद्धांजलि।