May 3, 2026

लोरमी नगर के विकास कार्यों का जायजा लेने उपमुख्यमंत्री साव स्कूटी से निकल पड़े

1 min read
Share this

*लोरमी में जागेगी शिक्षा की अलख, बनेगा ज्ञानवान समाज, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नालंदा परिसर निर्माण का कार्य आरंभ किया*

*उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बच्चों के साथ बैठकर लिया जादू का आनंद, कहा बचपन लौट आया था कुछ क्षण के लिए*

लोरमी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शनिवार सुबह स्कूटी से लोरमी नगर का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। रानीगांव में गार्डन निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण और मुक्तिधाम निर्माण कार्यों का अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ जायजा लिया। साथ ही नगर में भव्य प्रवेश द्वार और नाली निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। वहीं मनियारी नदी पर बन रहे पुल के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बस स्टैंड स्थित जिम में युवाओं से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं को भी जाना। जिम में सारी व्यवस्था करने अधिकारी को निर्देशित किया।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने ब्राह्मण पारा में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही से भेंट कर चर्चा की और महामाया पारा में मुक्तिधाम निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगर पालिका लोरमी में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत संचालित मेडिकल यूनिट का अवलोकन कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा स्वयं स्वास्थ्य जांच कराकर योजना की उपयोगिता को समझा। यह योजना स्लम क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने लोरमी कॉलेज के पास नालंदा परिसर (आधुनिक लाइब्रेरी) निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह परिसर क्षेत्र में शिक्षा और ज्ञान का नया केंद्र बनेगा। विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित डेढ़ वर्ष की समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

*बच्चों के साथ बैठकर लिया जादू का आनंद*

उप मुख्यमंत्री श्री साव निरीक्षण के दौरान नगर की गलियों में बच्चों और माताओं से आत्मीय मुलाकात भी हुई। ब्राह्मण पारा में जादूगर का खेल देख उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर जादू का आनंद लिया। यह पल उनके लिए बचपन की यादों को ताजा करने वाला और सुकून देने वाला रहा।

श्री साव ने विधायक कार्यालय लोरमी में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर विकास कार्यों पर चर्चा की। साथियों से सुझाव लिए और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। सभी को जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए सदैव तैयार रहने का संकल्प दिलाया गया।

राम्हेपुर स्थित शिव मंदिर बाबाघाट में चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने सौंदर्यीकरण कार्य की सराहना की और इसे भविष्य में पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने की संभावना जताई, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

श्री साव ने कहा कि विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान दें तथा जहां भी कमी मिले, उसे तत्काल सुधारें।