जंगमपाल में तीन दिन की मेहनत से बहाल हुई पेयजल व्यवस्था
1 min read
Share this
रायपुर। भीषण गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रहे सुदूर ग्रामों तक राहत पहुंचाने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम ने सेवा और समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। दंतेवाड़ा जिले के ग्राम पंचायत जंगमपाल में लंबे समय से जल समस्या बनी हुई थी, जो गर्मी बढऩे के साथ गंभीर हो गई थी।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की हैंडपंप टेक्नीशियन टीम दुर्गम वनांचल क्षेत्र कटेकल्याण के गांवों के लिए रवाना हुई। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद टीम ने लगातार तीन दिन और दो रात गांवों में रहकर कार्य किया। कई स्थानों पर नदी पार कर उपकरण पहुंचाए गए, तो कहीं पगडंडियों पर कंधों पर सामग्री ढोनी पड़ी। लीड टेक्नीशियन उमा शंकर नेताम के नेतृत्व में टीम ने जंगमपाल सहित प्रतापगिरी, छोटेलखापाल और छोटेतोंगपाल जैसे गांवों में खराब हैंडपंपों की मरम्मत, जल स्रोतों की सफाई और क्लोरीनेशन कर पेयजल व्यवस्था बहाल की। इस प्रयास से ग्रामीणों को स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सका। ग्रामीणों ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे बड़ी राहत बताया।
