यात्री बस व ट्रक के बीच आमने-सामने की हुई भिड़ंत, बस के 12 यात्री घायल

1 min read
Share this

कांकेर। केशकाल थाना क्षेत्र के खालेमुरवेंड के पास नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। जिसमें यात्री बस और ट्रक के बीच आमने-सामने भिड़ंत के बाद दोनों वाहन सड़क से उतर कर एक ही पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में लगभग 12 यात्री घायल हो गए। हादसे में बस चालक केबिन में फंस गया, जिसे निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना पर मौके पर पंहुची पुलिस की टीम हालात को संभालते हुए जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि महिंद्रा बस सवारी भरकर रायपुर से जगदलपुर की ओर आ रही थी।, जिसमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। वहीं, दूसरी ओर से एक ट्रक लोहा और गिट्टी लेकर आ रहा था। खालेमुरवेंड के पास दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बस और ट्रक की इस दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज लाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।