तनाव से सफलता की ओर में छात्राओं ने जाने व्यावहारिक व सरल तकनीके
1 min read
Share this
रायपुर। गुरुकुल महिला महाविद्यालय में विद्यार्थियों के बीच बढ़ते शैक्षणिक दबाव, उच्च अपेक्षाओं एवं ओवरथिंकिंग जैसी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए तनाव से सफलता की ओर विषय पर प्रभावशाली एवं ज्ञानवर्धक सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन साइंस काउंसिल, गुरुकुल महिला महाविद्यालय द्वारा किया गया। सत्र का संचालन सीएस पूजा जिंदल (जीने की कला) द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन के लिए व्यावहारिक एवं सरल तकनीकों जैसे श्वसन अभ्यास, माइंडफुलनेस एवं सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न इंटरैक्टिव गतिविधियों के माध्यम से स्वयं को शांत, केंद्रित और आत्मविश्वासी बनाए रखने के उपाय सीखे। सत्र में आत्म-जागरूकता और मानसिक संतुलन के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने तनाव को बेहतर ढंग से समझने और संभालने में मदद मिली। यह पहल गुरुकुल महिला महाविद्यालय, रायपुर की विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गुप्ता ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी वातावरण में ऐसे सत्र विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह कार्यक्रम छात्रों के समग्र विकास की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
