May 5, 2026

कांग्रेस विधायक बोलीं- सरकार इतनी कमजोर की जमीन भी नहीं छुड़ा पा रही, मंत्री बोले जल्द हटेगा अतिक्रमण

1 min read
Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन शासकीय जमीन पर अतिक्रमण का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। डोंगरगढ़ में सहकारी बैंक शाखा भवन निर्माण के लिए आबंटित जमीन पर कब्जे को लेकर कांग्रेस विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार इतनी कमजोर हो गई है कि आबंटित सरकारी जमीन से अतिक्रमण तक नहीं हटा पा रही है।
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान हर्षिता बघेल ने पूछा कि जिस जमीन पर बैंक शाखा भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन हो चुका है, वहां अब तक निर्माण कार्य क्यों शुरू नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि निजी व्यक्ति को फायदा पहुंचाने के लिए बैंक की शाखा किराए के भवन में संचालित की जा रही है, जबकि भवन निर्माण के लिए राशि भी स्वीकृत हो चुकी है। विधायक बघेल ने कहा कि सहकारी बैंक किसानों के हित के लिए होता है, लेकिन भवन नहीं बनने के कारण किसानों को उचित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि आखिर अतिक्रमण कब हटेगा और बैंक का भवन कब तक बनेगा।
इस पर सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने जवाब देते हुए कहा कि फिलहाल भवन उपलब्ध नहीं होने के कारण बैंक शाखा किराए के भवन में संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने के संबंध में कलेक्टर से चर्चा की गई है और जल्द ही इस दिशा में कार्रवाई की जाएगी।