दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़े 8 संदिग्ध आतंकवादी

1 min read
Share this

*’फ्री कश्मीर’ के भड़काऊ पोस्टर से हरकत में आई पुलिस ने तमिलनाडु बंगाल से की संदिग्धों की गिरफ्तारी*

नई दिल्ली।”फ्री कश्मीर’ के भड़काऊ पोस्टर से हरकत में आई दिल्ली  पुलिस ने एक बार फिर पाकिस्तान के संगठन लश्कर-ए-तैयबा, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और बांग्लादेश के कट्टरपंथी गुटों से संबंधित आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से 8 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी एक बड़े ऑपरेशन के तहत की है।

पुलिस को दिल्ली मेट्रो और राजधानी की 10 से ज्यादा जगहों पर ‘फ्री कश्मीर’ के भड़काऊ पोस्टर मिले थे। जब जांच शुरू हुई, तो पता चला कि इसके तार तमिलनाडु से जुड़े हैं। पुलिस ने तमिलनाडु के तिरुपुर की कपड़ा फैक्ट्रियों में छापा मारकर 6 लोगों को पकड़ा, जो वहां पहचान छिपाकर काम कर रहे थे। वहीं 2 अन्य संदिग्धों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से फर्जी आधार कार्ड, 8 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद हुए हैं।

पकड़े गए आरोपियों में कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी हैं। जांच में पता चला है कि इनका हैंडलर कश्मीर का रहने वाला है, जो फिलहाल बांग्लादेश में बैठकर पाकिस्तान के इशारे पर काम कर रहा है। माना जा रहा है कि इस हैंडलर ने पाकिस्तान में आतंकी ट्रेनिंग ली है और वही इन सबको निर्देश दे रहा था। पुलिस को संदिग्धों के फोन से दिल्ली के कई इलाकों के रेकी वीडियो मिले हैं। खुफिया जानकारी के अनुसार, ये आतंकी चांदनी चौक के एक मंदिर और लाल किले के आसपास के ऐतिहासिक इलाकों में आईईडी बम धमाके करने की फिराक में थे।